कलेक्टर की अध्यक्षता में महाकौशल विज्ञान मेला को लेकर बैठक संपन्न
(जबलपुर) कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना की अध्यक्षता में महाकौशल विज्ञान मेला को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर से 18 नवम्बर तक महाकौशल विज्ञान परिषद एवं ट्रिपलआईटी डीएम द्वारा मध्यप्रदेश विज्ञान एवं औद्योगिक परिषद के सहयोग से महाकौशल विज्ञान मेला एवं आरोग्य एक्सपो का आयोजन नेताजी सुभाष चंद्र बोस कल्चरल एंड इंफॉर्मेशन सेंटर जबलपुर में होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मेला में जिला प्रशासन का एक स्टॉल लगाना सुनिश्चित करें और प्राइवेट सेक्टर के उद्योगपतियों से बात कर उनसे भी प्रदर्शनी लगवायें। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा कर व्यवस्था संबंधी सभी कार्य के लिए नगर निगम कमिश्नर को नोडल अधिकारी बनाया गया। मेले का उद्देश्य स्वदेशी विज्ञान की गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। साथ ही विज्ञान के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जायेगा। इसमें आईटी, इंजीनियरिंग या विज्ञान क्षेत्र में कार्य करने वाले चयनित विद्यार्थियों के मॉडल का प्रदर्शन भी किया जायेगा। मेला को आकर्षक बनाने के लिए जनहित से जुड़े नवाचार व निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जायेगा।
