जनसुनवाई में सुलझी आवेदकों की समस्याएं
(राजगढ़़) जिला मुख्यालय पर प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जाता है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा 12 नवम्बर को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम गुराडिया निवासी आनदं गौतम ने बताया कि महेष कृषि सेवा केन्द्र नगर बोडा द्वारा नकली पोषक सुपर स्टार दवाईयां देने पर फसल का नुकसान होने पर नुकसान की भरपाई नहीं की गई। जिस पर कलेक्टर द्वारा उप संचालक कृषि राजगढ़ को जांच करने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री महीप किशोर तेजस्वी, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मण्डराह मौजूद रहे।
जनसुनवाई में ग्राम झाडमऊ निवासी श्री रतनलाल ने बताया कि गौशाला तक जाने के लिए सड़क के दोनों ओर बरसाती पानी मेरे खेत में भर जाता है जिससे फसल नष्ट हो जाती है। कलेक्टर द्वारा तहसीलदार को सर्वे करने के निर्देश दिए। ग्राम बटावदा निवासी श्री भंवरी भाई ने बताया कि मेरी भूमि पर तहसीलदार व पटवारी द्वारा भूमि का सीमांकन गलत कर दिया है। मेरे हिस्से की भूमि को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया है। जिस पर कलेक्टर द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खिलचीपुर को आवेदक की समस्या के निराकरण हेतु जांच करने निर्देशित किया गया।ग्राम बोड़ा निवासी ममता द्वारा बताया गया कि मैं एक भूमिहीन बेरोजगार गरीब महिला हूं मेरी आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय है। मुझ प्रार्थी को भारत सरकार एवं मप्र. सरकारी की लोक कल्याणकारी योजना का लाभ आज दिनांक तक नहीं दिया है। कलेक्टर द्वारा सीएमओ बोड़ा को जांच हेतु निर्देश दिए। ग्राम देवलीमान खालसा निवासी श्री भगवान सिंह ने बताया कि कुण्डालिया परियोजना अंतर्गत जॉन 2 की लाइन में पानी नहीं पहुंच रहा है। जिससे ग्रामवासियों को सिंचाई में फायदा नहीं मिल रहा है। जिस पर कलेक्टर द्वारा जल संसाधन विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान आवेदकों से 41 आवेदन प्राप्त हुए। समस्त आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया गया।
