जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन के निराकरण का होगा फालोअप- आवेदन सीएम हेल्पलाइन में होंगे दर्ज

जन सुनवाई में किसी को शिक्षा, किसी को रोजगार तो किसी को इलाज के लिए मिली सहायता
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने सुनी नागरिकों की समस्याएं- किया संवेदनशीलता के साथ निराकरण

(इन्दौर) कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में किसी को शिक्षा, किसी को रोजगार तो किसी को इलाज के लिए सहायता मिली। जनसुनवाई में आज कलेक्टर श्री आशीष सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण नहीं हुआ, उनके निराकरण के लिए समय-सीमा तय की। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन के निराकरण का फालोअप ‍किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर आवेदन में निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित हो। सकारात्मक निराकरण हो। आवेदनों के निराकरण की समीक्षा के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे प्रत्येक प्रकरण को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज करें।            कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई में पहुंचे श्री चन्दन, गुंजा तेजी और कमल वर्मा को व्यवसाय के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इन्हें तात्कालिक सहायता के रूप में दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसी तरह प्रभा नेभनानी को पुत्र के इलाज के लिए 30 हजार रुपये की मदद दी गई। इसी तरह गायत्री मिश्रा और हिरालाल वर्मा को भी इलाज के लिए दस-दस हजार रुपये दिए गए। तात्कालिक सहायता के रूप में भूरी बाई राकेश को 20 हजार रुपये, निर्मला राजू वर्मा को 13 हजार रुपये और राजल बाई को दस हजार रुपये की मदद दी गई। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले सभी प्रकरणों का समय-सीमा में सकारात्मक रूप से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर कार्यालय में विकेन्द्रीकृत व्यवस्था के तहत हुई जनसुनवाई में सैकड़ों आवेदकों ने अधिकारियों के कक्ष में भी सीधे पहुंचकर अपनी समस्याएं बताई। कलेक्टर श्री आशीष सिंह सहित सभी अपर कलेक्टरों और अन्य विभागीय अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनकर निराकरण किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें