ग्रामीण क्षेत्र का दौरा कर स्कूल, अस्पताल, छात्रावास व आंगनवाड़ी का निरीक्षण करें

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश

(हरदा) सभीअधिकारी ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान अपने अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित रूप से निरीक्षण करें। इसके साथ ही दूरस्थ ग्रामों में भ्रमण के दौरान अधिकारीगण अपने विभाग के कार्यालयों के साथ-साथ गांव के आंगनवाड़ी, छात्रावास, स्कूल, अस्पताल का जरूर निरीक्षण करें और वहां जो भी समस्या सामने आये, उसे जिला प्रशासन के ध्यान में लाएं ताकि निराकरण किया जा सके। यह निर्देश कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिये। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती सविता झानिया, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव नागू, एसडीएम हरदा श्री कुमार शानु देवड़िया सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि शहरी क्षेत्र में स्थित बड़े भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट पूर्ण कराएं। उन्होने जिले के सभी सीएम राइज स्कूल, पीएम श्री स्कूल भवनों का भी फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश बैठक में दिये। बैठक में उन्होने जिला शिक्षा अधिकारी से पिछले दिनों स्वीकृत सीएम राइज स्कूलों के लिये भूमि आवंटन के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने जिला संयोजक अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग को निर्देश दिये कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आयोजित हो रहे जनसमस्या निवारण शिविरों में जनजातीय वर्ग के युवाओं के स्वरोजगार संबंधी प्रकरण बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना और टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत बनवाएं ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सके। उन्होने 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड पंजीयन व वितरण के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिये कि विभिन्न विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होने उप संचालक कृषि को निर्देश दिये कि कृषि अधोसंरचना निधि योजना के तहत किसानों के कोल्ड स्टोरेज के प्रकरण बनवायें। उन्होने उप संचालक कृषि को निर्देश दिये कि आत्मा परियोजना के तहत किसानों को जिले में और जिले के बाहर प्रशिक्षण के लिये भेजा जाए ताकि वे खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सके।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें