कटनी में बनकर तैयार हुआ भारत का सबसे लंबा रेलवे ग्रेड सेपरेटर, अप लाइन पर सफलतापूर्वक दौड़ी मालगाड़ी
(कटनी) मध्य प्रदेश के कटनी में भारत के सबसे लंबे रेलवे फ्लाईओवर यानी ग्रेड सेपरेटर की अप लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। पश्चिम मध्य रेल के इस महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत हाल ही में मालगाड़ी चलाकर ट्रैक की आंतरिक जांच की गई, जो सफल रही। यह एलिवेटेड वायडक्ट न्यू कटनी जंक्शन, कटनी जंक्शन और कटनी मुड़वारा स्टेशन के ऊपर से होकर गुजरता है और मालगाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग की तरह कार्य करेगा।

इस फ्लाईओवर की अप लाइन सिंगरौली और बीना रेल मार्ग को सीधे जोड़ती है। न्यू मझगवां से होकर कटंगी खुर्द तक 15.85 किलोमीटर लंबे इस अपलाइन ट्रैक पर दो दिन पहले ट्रायल के दौरान संरचना की गहन जांच की गई। परीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों को दूर करने का कार्य जारी है।

जल्द पूरी होगी डाउन लाइन की भी तैयारी
34 किलोमीटर लंबे इस पूरे ग्रेड सेपरेटर में अप और डाउन दोनों लाइनों का निर्माण एक वायडक्ट के रूप में किया जा रहा है। 17.52 किलोमीटर लंबी डाउन लाइन पर कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसे जल्द पूरा करने की योजना है। परियोजना पूर्ण होते ही कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) से निरीक्षण कराया जाएगा, और स्वीकृति मिलने के बाद नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा।
रेल यातायात होगा अधिक सुचारू
इस फ्लाईओवर का निर्माण इस प्रकार से किया गया है कि बिलासपुर और सिंगरौली की दिशा से आने वाली मालगाड़ियों को कटनी के भीड़भाड़ वाले स्टेशन व यार्ड से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे ना केवल यात्रा समय में कटौती होगी, बल्कि अधिक संख्या में मालगाड़ियां भी चलाई जा सकेंगी।

हर्षित श्रीवास्तव, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल ने कहा – “अप लाइन का ट्रायल सफल रहा है और संरक्षा से जुड़े कार्य जारी हैं। जल्द ही सीआरएस निरीक्षण के बाद मालगाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।”

