विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की सूझबूझ से निबटा एसीसी प्रबंधन और किसानों के बीच का विवाद
समस्या का हुआ निराकरण, डेढ़ साल बाद खत्म हुई हड़ताल, अन्नदाताओं ने प्रधानसेवक का जताया आभार
(विजयराघवगढ़) लंबे समय से किसानों और एसीसी कंपनी कैमोर के बीच चली आ रही लड़ाई का अंत आखिरकार भाजपा कार्यालय में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की सूझबूझ से मंगलवार की शाम हो ही गया। एसीसी कंपनी के अधिकारियों और किसानों के साथ विधायक श्री पाठक ने बैठक की और सामंजस्य स्थापित कराते हुए काफी समय से चल रही समस्या का निराकरण कराया।

उल्लेखनीय है कि एसीसी कंपनी द्वारा संचालित बीएमजी माइंस द्वारा लीज समाप्त होने के बावजूद खनन करने और भूस्वामी किसानों का हक मारे जाने की बात को लेकर बम्हनगवां सहित आस पास के ग्रामों के किसान जिनकी भूमि लीज के तौर पर एसीसी कंपनी द्वारा अधिग्रहीत की गई थी वे सभी किसान विगत डेढ़ वर्ष से धरने पर बैठे हुए थे। यहां तक को बीएमजी माइंस का संचालन भी किसानों द्वारा रोक दिया गया था। अपने हक की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों की समस्या का समाधान हो इसके लिए विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने एसीसी कंपनी के अधिकारियों और किसानों की बैठक लेकर विचार विमर्श किया और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम करने, किसानों के साथ न्याय करने, उनका अधिकार उन्हें प्रदान करने की बात विधायक श्री पाठक ने एसीसी कंपनी प्रबंधन से कही।

विधायक श्री पाठक की बातों को कंपनी प्रबंधन ने स्वीकार किया जिसके बाद डेढ़ साल तक चला धरना और किसानों व एसीसी कंपनी प्रबंधन के बीच की तनातनी का अंत हो गया। श्री पाठक की मध्यस्थता में कंपनी प्रबंधन द्वारा यह निर्णय लिया गया कि किसानों को उनकी जमीन का किराया दिया जाएगा और जिन किसानों के बच्चे योग्य होंगे उन्हें कॉन्ट्रेक्ट के माध्यम से रोजगार भी मुहैया कराया जाएगा। विधायक संजय पाठक द्वारा इस गंभीर मसले को सुलझाने के बाद किसानों के चेहरों पर मुस्कुराहट दौड़ गई और उन्होंने प्रधानसेवक का हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्री पाठक ने कहा क्षेत्र की जनता मेरा अपना परिवार है इसलिए मैं पुत्रवत जनसेवा को ही अपने जीवन का उद्देश्य मानता हूं। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सभी मंडलों के अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, एसडीएम महेश मंडलोई, तहसीलदार मनीष शुक्ला, एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे, थाना प्रभारी निरीक्षक वि गढ़ रितेश शर्मा, कैमोर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौबे, उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय, नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति थी।
