विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के प्रयासों से श्रद्धालुओं को मिली बड़ी सौगात, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान
मां चंद्रिका धाम तक हर मौसम में पहुंच सकेगें श्रद्धालु
(विजयराघवगढ़) विजयराघवगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत इटौरा में स्थित पावन मां चंद्रिका धाम में अब श्रद्धालुओं को बरसात में कीचड़ व जलभराव से जूझना नहीं पड़ेगा। क्षेत्रीय विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक के अथक प्रयासों से मंदिर तक एक पक्के, स्थायी और हर मौसम में उपयोगी सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
यह मार्ग न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करेगा बल्कि स्थानीय ग्रामीणों की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। श्रद्धालुओं में इस सुविधा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला है। इटौरा सहित आसपास के ग्रामवासियों ने इसे “वर्षों पुरानी समस्या का ऐतिहासिक समाधान” बताया है।
श्रद्धालुओं की आस्था, विधायक की प्रतिबद्धता
वर्षा ऋतु में मंदिर तक पहुंचना लंबे समय से बड़ी चुनौती बना हुआ था। कीचड़ और जलभराव के कारण कई बार भक्तजन दर्शन से वंचित रह जाते थे। अब यह समस्या बीते दिनों की बात हो गई है।
विधायक श्री पाठक ने कहा कि मां चंद्रिका धाम तक एक सशक्त, सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराना मेरा नैतिक और सामाजिक कर्तव्य था। यह मार्ग समर्पित है उन श्रद्धालुओं को, जो हर मौसम में मां के दर्शन की इच्छा रखते हैं। जब श्रद्धा दृढ़ हो, तो मां स्वयं राह बना देती हैं।
जनसेवा के साथ सांस्कृतिक पहचान को भी बल
विधायक श्री पाठक अपने कार्यकाल में धार्मिक स्थलों के विकास, ग्रामीण सड़कों की मजबूती, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर चुके हैं। मां चंद्रिका धाम का यह सड़क मार्ग सांस्कृतिक संरक्षण और क्षेत्रीय विकास का प्रतीक बन चुका है।
स्थानीय समर्थन और सराहना
ग्राम पंचायत, मंदिर समिति तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक श्री पाठक जी के इस प्रयास को “जनहित में ऐतिहासिक निर्णय” बताते हुए आभार जताया और उनके नेतृत्व में क्षेत्र के समग्र विकास की कामना की।
