“मातृधरा अभियान” के अंतर्गत नारीशक्ति ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
“मातृधरा अभियान” 🌎 🌿🌱☘️ पौधा भेंट कर मनाया “गिफ्ट ए प्लांट (Gift a Plant)” कार्यक्रम
(झाबुआ) जिले में कलेक्टर नेहा मीना की पहल पर महिलाओं की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मातृधरा अभियान (नारी शक्ति से प्रकृति को शक्ति)” प्रारम्भ हुआ हैं। “मातृधरा अभियान” के अंतर्गत “नारीशक्ति से प्रकृति को शक्ति” थीम पर आधारित “गिफ्ट ए प्लांट (Gift a Plant)” पहल का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने अपने स्वजनों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और प्रकृति से जुड़ने का एक सशक्त प्रयास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को पर्यावरणीय जागरूकता से जोड़ना और हर व्यक्ति को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करना रहा। पौधा उपहार स्वरूप देने की इस पहल ने न केवल पर्यावरण प्रेम को प्रकट किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि हर उपहार एक जिम्मेदारी के साथ आना चाहिए- पृथ्वी की हरियाली को बनाए रखने की।
इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के फुलों वाले पौधे, सजावटी पौधे, औषधीय पौधे, फलदार व छायादार पौधे स्वजनों को उपहार स्वरूप भेंट किये गये। सभी ने पौधा लेने के साथ यह संकल्प भी लिया कि वे उसे संरक्षित करेंगे और दूसरों को भी इस दिशा में जागरूक करेंगे। कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि यह पहल एक सतत आंदोलन का हिस्सा है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी से पर्यावरणीय संरक्षण को नई दिशा दी जा रही है। यह अभियान आगे भी विभिन्न स्थलों पर इसी प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से जारी रहेगा।
