आबकारी विभाग के अमले ने दोपहिया वाहन सहित देशी, विदेशी, कच्ची मदिरा और महुआ लहान किया जप्त

जप्त समस्त सामग्री की कीमत लगभग 3 लाख 18 हजार रुपये

(इन्दौर) इंदौर जिले में मदिरा तथा अन्य मादक पदार्थों के अवैध रूप से क्रय-विक्रय, परिवहन तथा भंडारण करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर श्री आशीष सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग के अमले द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत आबकारी विभाग के अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य के दोपहिया वाहन सहित देशी, विदेशी, कच्ची मदिरा और महुआ लहान जप्त किया।                सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार जिला उड़नदस्ता प्रभारी  कंट्रोल रूम प्रभारी श्री देवेश चतुर्वेदी और सहायक ज़िला आबकारी अधिकारी श्री मनोज अग्रवाल के नेतृत्व  में चौइथराम मंडी रोड क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा के विरुद्ध  प्रभावी कार्यवाही की गई। कार्यवाही में एक दोपहिया वाहन MP-09-UQ-2942 पर परिवहन कर ले जाई जा रही 50 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 50 पाव देसी मदिरा मसाला कुल 100 पाव बरामद की गई। बरामद की गई मदिरा वाहन सहित जप्त कर आरोपी रोहित कनाडे पिता मुकेश कनाडे के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबध्द किया गया। मदिरा व वाहन का कुल बाज़ार मूल्य लगभग 54 हजार रुपए है। अन्य कार्यवाही सांवेर के ग्रामीण क्षेत्र में, वृत छावनी, वृत्त राज मोहल्ला व वृत्त बलदा कॉलोनी के बल द्वारा सांवेर के ग्राम मुकाता, अजनोद, सोलसिंदा, धरमपुरी, केशरीपुरा, साँवेर आदि क्षेत्रों में की गई, जिसमें छिपा कर रखी 15.25 लीटर विदेशी जिनमें 8 pm, लंदन प्राइड वोदका, लंदन प्राइड व्हिस्की आदि एवं देसी मदिरा के कुल 37 पाव को जप्त किया गया साथ ही 4 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 40 किलोग्राम महुआ लहान को नष्ट किया गया।

एक अन्य कार्यवाही में महू के सिमरोल, तलाई नाका, जोशी गुराडिया, पड़ाव, गवली पलासिया, जामली आदि क्षेत्रों में छिपा कर रखी 110 लीटर हाथभट्टी मदिरा को जप्त किया गया। ड्रमों में छिपा कर रखी गई 2300 किलोग्राम महुआ लहान को नष्ट किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें