डेंगू जागरूकता रथ के साथ लार्वा सर्वे अभियान निरंतर जारी
(विदिशा) कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिला मलेरिया अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, नर्सिंग कालेज की छात्राऐं, उषा कार्यकर्ता के दल के द्वारा विदिशा नगरीय क्षेत्र के करैया खेड़ा, सुभाष नगर में सघन लार्वा सर्वे, आईईसी गतिविधि, डेंगू जागरूकता रथ से प्रचार-प्रसार, फॉगिंग दल के द्वारा कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया। मलेरिया टीम के द्वारा 309 घरों के 1474 कंटेनर का सघन लार्वा सर्वे किया गया। जिसमें 12 घरों में लार्वा पाया गया जिसे कीटनाशक दवा के द्वारा नष्ट कराया गया। जनसमुदाय से अपील है की वह अपने घर के सभी पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज , टंकिया, टायर ,गमले ,पशु एवं पक्षियों को रखने वाले पानी के बर्तन टंकियों एवं सकोरों को प्रति सप्ताह जांच ले की कहीं एडीज मच्छर के लार्वा तो नही पनप रहे, व खाली कर सफाई कर दे। पानी के बड़े कंटेनर जिनकी सफाई व ढांकना संभव न हो तो उनमें मीठा तेल प्रति सप्ताह डालें। मच्छरों के काटने से स्वयं बचाव करे, पूरे शरीर ढकने वाले कपड़े पहने, दिन के समय बच्चों व वृद्धों एवं गर्भवती माताओं को मच्छरदानी के अंदर सोने की सलाह दी जावे, मॉस्किटो कॉइल का उपयोग करे, शाम के समय नीम पत्तियों का धुआं करे। तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों में दर्द, जोड़ो में दर्द, नाक व मसूड़ों से रक्तस्राव होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क कर डेंगू की जांच जिला चिकित्सालय विदिशा या अटल बिहारी वाजपेयी मेडीकल कालेज में डेंगू एलिसा टेस्ट निःशुल्क कराए। इस प्रकार जिले में डेंगू के संचरण के प्रसार को समाप्त/कम करने में सहयोग करें।
