हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियां आयोजित
(हरदा) देश प्रेम, एकता, देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान मनाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर हरदा शहर के तीन स्थान पोस्ट ऑफिस चौराहा, टांक चौराहा तथा नई सब्जी मण्डी के पास सफाई के लिये श्रमदान किया गया तथा दुकानदारों व रहवासियों को साफ-सफाई बनाये रखने की समझाईश दी गई। इस अवसर पर एसडीएम श्री अशोक डेहरिया, जनप्रतिनिधि श्री संदीप पाराशर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कमलेश पाटीदार, स्वच्छता अभियान प्रभारी श्री किरण राठौर सहित नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर सेल्फी पाईन्ट स्थापित किये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह ने ‘‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग’’ अभियान शुभारंभ किया था।
