जनजातीय हितमूलक प्रोग्राम आदि कर्मयोगी अभियान में संबंधित विभाग सहभागिता सुनिश्चित करें कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने टीएल बैठक में दिए निर्देश
(टीकमगढ़) कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान में चयनित जिले के 62 गांवों को आदि कर्मयोगी अभियान द्वारा लाभान्वित किया जाएगा शासन की पहल आदि कर्मयोगी अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में उत्तरदायी और जन-नेतृत्व वाले शासन मॉडल का निर्माण करना है, जिससे बेहतर सेवा वितरण और विकास हो सके। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभाग से एक जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर चयनित करें जो शासन द्वारा ट्रेनिंग प्राप्त कर ब्लॉक स्तर पर अन्य कर्मचारियों को ट्रेनिंग देगा। सभी संबंधित विभाग प्राथमिकता से इस अभियान में सहभागिता करें।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने गौशाला में गायों को पहुंचाने हेतु निर्देशित करते हुये कहा कि जिन गौशालाओं से गायों को बाहर निकाल देने की शिकायत प्राप्त हुई है, उन पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन सीएम राइस स्कूलों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की एवं शीघ्र कार्य पूर्ण कर शिक्षा विभाग को भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। तत्पश्चात श्री श्रोत्रिय ने नगरीय निकायों के सभी सीएमओ को निर्देश दिए कि पीएमएवाय 1.0 के सभी निर्माण पूर्ण करायें एवं पीएमएवाय 2.0 में डीपीआर तैयार कर शासन को भेजें। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करें एवं ऐसे पात्र हितग्राही जो सभी अर्हता रखते हो केवल भूमिहीन हैं उन्हें धारणाधिकार के द्वारा जमीन आवंटित कराकर योजना का लाभ दिलायें।
बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन, कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न विभागों के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति, सीएम डेस बोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की समीक्षा, विभिन्न आयोगों, लोकायुक्त कार्यालय से प्राप्त पत्रों के उत्तर भेजने की जानकारी, टीएल पत्रों पर की गई कार्यवाही, कमिश्नर महोदय के भ्रमण प्राप्त निर्देशों पर की गई कार्यवाही, विभागवार लंबित पेंशन प्रकरण,माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णयों में दी गई समयसीमा में अभ्यावेदनों का समयसीमा में निराकरण/पंजी का संधारण की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, संयुक्त कलेक्टर श्री शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर, सीएमएचओ डॉ. शोभाराम रोशन, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, जिला परियोजना अधिकारी सांख्यिकी विभाग श्री रामबाबू गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री ऊदल सिंह ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
