सीईओ जिला पंचायत ने टीएल बैठक में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कलेक्टर के निर्देशन में टीएल बैठक सम्पन्न

Advertisement

(मुरैना) कलेक्ट्रेट सभागार, मुरैना में सोमवार को टीएल बैठक का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, संयुक्त कलेक्टर, सभी एसडीएम, सीएमओ, जनपद पंचायतों के सीईओ सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में श्री भार्गव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलाई माह में प्राप्त शिकायतों का कम से कम 85 प्रतिशत तथा 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का न्यूनतम 25 प्रतिशत संतोषजनक निराकरण आगामी 20 अगस्त तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जनपद पंचायत अम्बाह के सीईओ बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहे। इस लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत द्वारा दिए गए। इसके अतिरिक्त, जब विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा की जा रही थी, उस समय जिला शिक्षा अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण शिक्षा विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा संभव नहीं हो सकी। इस पर सीईओ जिला पंचायत द्वारा संबंधित प्रभारी अधिकारी, सीएम हेल्पलाइन को निर्देशित किया गया कि स्पष्टीकरण हेतु पत्र जारी करें।बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि शनिदेव मेला का आयोजन 23 अगस्त को प्रस्तावित है।

इस संदर्भ में 19 अगस्त को शनिदेव मंदिर परिसर में कलेक्टर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को मेले से जुड़ी समस्त तैयारियां समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संजीवनी क्लीनिकों से संबंधित पहुंच मार्गों और अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु सभी नगरपालिका सीएमओ को निर्देशित किया।इसके अतिरिक्त, जिला योजना सलाहकार समिति के गठन के संबंध में महापौर, नगरपालिका अध्यक्षों एवं जनपद अध्यक्षों के नाम शीघ्र जिला योजना कार्यालय में प्रेषित करने की जिम्मेदारी सभी सीएमओ और जनपद सीईओ को सौंपी गई है।बैठक के अंत में मानवाधिकार आयोग से प्राप्त शिकायतों के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जांच प्रतिवेदन तत्काल शिकायत शाखा में प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें