स्थानांतरित मैहर एसडीएम विकास सिंह को दी गयी भावभीनी विदाई, नवागत अधिकारियों का किया गया भव्य स्वागत

(मैहर) मैहर जिले में एसडीएम रहे विकास सिंह को सतना अपर कलेक्टर पद पर पदोन्नति पश्चात स्थानांतरण होने पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मैहर जिले के अधिकारियों ने उनके कार्यकाल का स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी। गत दिवस आयोजित इस कार्यक्रम में मैहर जिले में नवागत अधिकारी एसडीएम रामनगर एसपी मिश्रा और मैहर एसडीएम दिव्या पटेल तथा खनिज अधिकारी सतीश पाण्डेय का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर रानी बाटड, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, तहसीलदार गण तथा विभागीय अधिकारियों ने स्थानांतरित एसडीएम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कलेक्टर रानी बाटड ने कहा कि पिछले एक-डेढ साल के कार्यकाल में एसडीएम विकास सिंह ने बिना कहे अपने दायित्वों को समय पर पूरा किया। उन्होंने मैहर मां शारदा प्रबंध समिति के प्रशासक के रूप में चुनौतीपूर्ण कार्यों को पूरा कर श्रद्धालुओं की सुविधायें बढाने, मेला प्रबंधन, कानून व्यवस्था के दायित्वों को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाया। राजस्व विभाग में ऐसे अधिकारी बहुत कम होते है। जिनके कार्यों को लम्बे समय याद किया जाये। अस्वस्थता होने के बावजूद उन्होंने अपने दायित्वों से कभी मुंह नहीं मोड़ा। कलेक्टर ने कहा कि एक अधिकारी की इस कार्य कुशलता और विशेषताओं का लाभ सतना जिले को भी मिलेगा।

अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि एसडीएम मैहर रहते हुए विकास सिंह ने कानून व्यवस्था, संगीत समारोह, मंदिर समिति प्रशासन सहित सभी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ कलेक्टर मैहर के उच्च मानकों से कार्य को पूरा करने के कार्य में जिला प्रशासन की अपेक्षा और विश्वास पर खरे साबित हुए है।

एसडीएम मैहर दिव्या पटेल और एसडीएम रामनगर एसपी मिश्रा ने कहा कि एसडीएम विकास सिंह ने अपने कार्य से शासकीय सेवा के उच्च मानदण्ड निर्धारित किये है। तहसीलदार जितेन्द्र पटेल ने कहा कि एसडीएम विकास सिंह राजस्व अधिकारियों की गार्जियन की भूमिका में रहे हैं।

स्थानांतरित एसडीएम मैहर और अपर कलेक्टर सतना विकास सिंह ने कहा कि किसी भी जिले को स्थापित करने और उसके संचालन में सबसे बडी भूमिका कलेक्टर की होती है। मैहर कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड का नये जिले को स्थापित करने और प्रगति पथ पर अग्रसर बनाये रखने में सबसे बडा योगदान है। निजी जीवन में विपरीत परिस्थितियों के दौरान कलेक्टर के मानकीय दृष्टिकोण और अपनत्व का स्मरण करते हुए विकास सिंह ने कहा कि कलेक्टर मैडम का हर विषय में मानवीय दृष्टिकोण उन्हें अद्वितीय बनाता है। सहयोगी अधिकारी और अधीनस्थ तहसीलदारों के सहयोग की सराहना करते हुए विकास सिंह ने कहा कि सबके साथ चले और सबको साथ लेकर चले के सिद्धांत पर काम करे तो जीवन में सफलता मिलती है।

विदाई समारोह में आरटीओ संजय श्रीवास्तव, सीएमओ सुषमा मिश्रा, एसडीओ फारेस्ट यशपाल मेहरा, सहायक ई-गवर्नेस राखी अग्रवाल, रीडर रमेश अग्निहोत्री और उप संचालक पशु चिकित्सा ने भी एसडीएम विकास सिंह के कार्य प्रणाली तथा अनुभवों को साझा करते हुए अपनी भावभीनी विदाई दी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें