मत्स्य प्रक्षेत्र पोडी में अब तक 31 करोड 52 लाख मत्स्य बीज का उत्पादन

(मैहर) एशिया के सबसे बडे मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पोडी में इस सीजन में अब तक 31 करोड 52 लाख स्पान और 79 लाख 65 हजार स्टेंडर्ड फ्राई मत्स्य बीज का उत्पादन किया जा चुका है। मैहर जिले के मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पोडी के सहायक संचालक सुरंजन सिंह ने बताया कि प्रक्षेत्र में इस वर्ष का मत्स्य बीज उत्पादन का लक्ष्य 42 करोड मत्स्य बीज रखा गया था। इस सीजन तक लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद और कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने भी गत दिवस मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पोडी का निरीक्षण कर बंगला बांध, हैचरी में मत्स्य बीज उत्पादन की प्रक्रिया मत्स्य बीज विक्रय प्रक्रिया के लिए सुरक्षित पैंकिंग की गतिविधियों का अवलोकन किया था। सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में पोडी में प्रतिदिन रीवा, सतना, सीधी, शहडोल, सिंगरौली, कटनी, छतरपुर, पन्ना, सागर जिले तक से मत्स्य कृषक अपने वाहनों से यहां आकर मत्स्य बीज क्रय कर ले जाते हैं। मत्स्य बीज को पानी के सहित पारदर्शी पालीथीन की थैलियों में पैक किया जाता है और थैली को बांधने से पूर्व ऑक्सीजन सिलेण्डर से उचित मात्रा में आक्सीजन भरी जाती है। अमूमन थैलियों में मत्स्य बीज 24 घंटे तक जीवित रह सकते हैं। लेकिन इसके लिए मत्स्य बीज पैकिंग थैलियों को हिलाते रहना चाहिए। ताकि कार्बन डायआक्साइड की परत नहीं जमने पाये। मत्स्य बीज वितरण की जानकारी में सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री सिंह ने बताया कि उत्पादित मत्स्य बीज में अब तक साढे 14 करोड मत्स्य बीज विभागीय इकाइयों, 9 करोड 84 लाख निजी तालाब क्षेत्र के किसानों और 7.15 करोड मत्स्य बीज प्रक्षेत्र इकाई में वितरण किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें