13 सितम्बर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु प्रिसिटिग आयोजित की गई
(मुरैना) मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में 13 सितम्बर 2025 को न्यायालय परिसर जिला मुख्यालय मुरैना एवं तहसील विधिक सेवा समिति अम्बाह, जौरा व सबलगढ में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें दीवानी प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण से संबंधित प्रकरण, बैंको के प्रकरण, विद्युत प्रकरण एवं राजीनामा योग्य दाण्डिक लंबित प्रकरणों तथा प्रीलिटिगेशन प्रकरणों आदि का निराकरण पक्षकारों की पारस्परिक सहमति से राजीनामा के माध्यम से किया जायेगा। नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु 22 अगस्त को एडीआर भवन मुरैना में मुख्यालय मुरैना के एनआईएक्ट प्रकरणों के न्यायाधीश द्वारा जिला मुख्यालय मुरैना के बैंकों के शाखा प्रबंधक मुरैना के अधिकारियों के साथ बैठक ली गई। बैठक में 13 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु अधिक से अधिक संख्या में प्रकरणों के निराकरण के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना श्री आशीष शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मुरैना श्रीमती ज्योत्सना तोमर, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मुरैना सुश्री आज्ञा अग्रवाल, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मुरैना सुश्री अनिशा मिश्रा एवं एलडीएम श्री सिद्धार्थ कुमार तथा बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि सम्मिलित रहे। आमजन से अपील है कि 13 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में आपसी राजीनामा के माध्यम से अपने अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण करा कर लाभ प्राप्त करें।
