नेत्र दोष से पीड़ित विद्यार्थियों की जांच कर उनको चश्में उपलब्ध कराये जाएं
स्कूलों में विद्यार्थियों को सभी विषयों की पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता हो
(हरदा)कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी स्कूलों में नेत्र दोष से पीड़ित विद्यार्थियों के नेत्रों की जांच कर उनको उपयुक्त चश्में प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा है कि नेत्र दोष से पीड़ित कोई भी विद्यार्थी जांच एवं चश्में की उपलब्धता से वंचित न रहे। शुक्रवार को आयोजित शिक्षा विभाग की बैठक में कलेक्टर ने निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण व्यवस्था के तहत स्कूलों में गणित विषय की अभ्यास पुस्तिका विद्यार्थियों तक नहीं पहुँचने के मामले को गंभीरता से लिया एवं कहा कि अविलम्ब उक्त अभ्यास पुस्तिकाएं विद्यार्थियों तक पहुँचाई जाएं। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, जिला परियोजना समन्वयक श्री बलवन्त सिंह पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह सहित जिले के शिक्षा विभाग के मैदानी अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित गुणात्मक सुधार लाने के लिये शिक्षकों को निरन्तर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों का होमवर्क जरूर जांचें एवं होमवर्क में जो गलतियां पाई जा रही हैं उनको सुधरवाएं। बैठक में कलेक्टर द्वारा विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही कहा गया कि शाला त्यागी बच्चों के शाला से बाहर रहने के कारणों को तलाशें एवं यथा सम्भव उन कारणों का निराकरण कर उन्हें स्कूल आने के लिये प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति भुगतान में लापरवाही न हो। उन्होने सभी स्कूलों में खेलकूद का एक कालखण्ड अवश्य आयोजित करने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि स्कूलों में उपलब्ध खेलकूद सामग्री विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाए। ग्राम डेबराबंदी (गोलीढाना) में 4 लाख 41 हजार रूपये की लागत से प्राथमिक शाला भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिये भी बैठक में सहमति व्यक्त की गई। कलेक्टर ने ‘‘माय शिक्षक एप’’ पर ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिये। इसके अलावा शिक्षा विभाग अंतर्गत अनुकम्पा नियुक्ति एवं सेवा निवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निःशुल्क स्कूटी प्रदाय योजना अंतर्गत जिले के पात्र 70 विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्कूटी वितरण कराने के भी निर्देश दिये गये। बैठक में जिले के करताना, खिरकिया एवं अबगांव कला में संचालित सांदीपनी विद्यालयों में आकांक्षी नामांकन के आधार पर आसपास के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रवेश कराये जाने की स्थिति की भी कलेक्टर द्वारा समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क सायकिल वितरण कार्य की प्रगति की भी कलेक्टर ने जानकारी ली।
