आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित
(टीकमगढ़) कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय ओरियंटेशन कार्यक्रम सह कार्यशाला आयोजित की गयी। इस अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और संकल्प के माध्यम से विकसित भारत, उत्तरदायी शासन और अंतिम छोर तक सेवाओं को पहुंचाना है। उल्लेखनीय है कि आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिले के 62 जनजातीय आबादी वाले ग्रामों को लाभान्वित किया जाएगा, जिसमें बलदेवगढ़ ब्लॉक के 59, टीकमगढ़ ब्लॉक के 2 एवं पलेरा ब्लॉक के 1 गांव को लिया गया है।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान के द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जनजाति समूह के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस अभियान को कलेक्टर की अध्यक्षता में सी.ई.ओ. जिला पंचायत सहित संबंधित 7 विभागों के जिला प्रमुख एवं एनजीओ के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया जाएगा। जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और आयोजन भी किए जाएंगे। इस अवसर पर जिला मास्टर ट्रेनर ने पी.पी.टी. एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान की रूपरेखा बताई।
