एडीएम एवं एएसपी ने जिला जेल का किया आकस्मिक निरीक्षण
(छतरपुर) छतरपुर अपर कलेक्टर मिलिंद नागदेवे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता डागर द्वारा संयुक्त रूप से विगत सोमवार को जिला जेल छतरपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिसमें संपूर्ण जेल का भ्रमण किया गया, बैरिक कमांक 3 की तलाशी करवाई गई। जिसमें किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्राप्त नहीं हुई, महिला वार्ड के निरीक्षण में महिलाओं के कौशल विकास एवं उनकी बच्चों को शिक्षा प्राप्त कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। पाकशाला के निरीक्षण में कैदियों के भोजन एवं मिलने वाले नास्ते की जानकारी प्राप्त की। मिलने वाला भोजन संतोष जनक पाया गया। जेल में निरूद्ध बंदियों की न्यायालयों से पेशी हेतु व्ही.सी. कक्ष का निरीक्षण किया गया। जिसमें 10 नवीन व्ही.सी.कक्ष पेशी हेतु बनाये गये है। बंदियों की मुलाकात कक्ष एवं टेलीफोन मुलाकात का जायजा लिया गया। जेल अस्पताल का निरीक्षण किया गया जिसमें उपस्थित चिकित्सक एवं स्टाफ से बीमार बंदियों के ईलाज की जानकारी प्राप्त की। प्रभारी जेल अधीक्षक दिलीप सिंह से जेल कैंटीन, जेल में पदस्थ कर्मचारियों, निरूद्ध बंदी संख्या, जेल की क्षमता एवं आने वाली समस्याओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। एडीएम ने जेल में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं बंदियों को नियमानुसार गुणवत्ता अनुरूप भोजन देने के निर्देश दिए।
