पालीटेक्निक कॉलेज उमरिया में कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला संपन्न
(उमरिया) सपना खुली आंखों से देखकर उसे पूरा करें – डिप्टी कलेक्टर प्रत्येक क्षेत्र में करियर की असीम संभावना,अपनी लगन से शिखर तक पहुंचे – डा पूजा व्दिवेदी उमरिया 29 अगस्त -अच्छे कैरियर मार्गदर्शन के लिए कौन-कौन से कदम उठाने चाहिए ,विभिन्न योग्यताओ वाले विभिन्न क्षमताओं वाले विधार्थियो के लिए कौन-कौन से व्यावसायिक व रोजगार मूलक पाठ्यक्रम इसमें प्रवेश का क्या तरीका है , प्रवेश परीक्षा की तैयारी केसे करें, कि जानकारी देने के उददेश्य से पालीटेक्निक कालेज उमरिया में कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी कलेक्टर हरनीत कौर कलसी ने कहा कि आपका कैरियर विकास एक आजीवन प्रक्रिया है, जिसकी शुरुआत, आपके जन्म के साथ ही शुरू हो जाती है। आपके कैरियर विकास को प्रभावित करने वाले कई कारक हैं, जिनमें आपकी रुचियाँ, योग्यताएँ, मूल्य, व्यक्तित्व, पृष्ठभूमि और परिस्थितियाँ शामिल हैं। कैरियर परामर्श एक ऐसी प्रक्रिया है जो आपको कैरियर, शिक्षा और जीवन से जुड़े फैसले लेने के लिए खुद को और कार्यक्षेत्र को जानने और समझने में मदद करती है। उन्होने कहा कि सपने खुली आंखो से देंखें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए जो करना पड़े , वह करें, तभी हम सफलता की कुंजी प्राप्त कर पाएंगे । बिना दबाव, बिना प्रेसर के अपनें अध्यापन का कार्य करें । अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करें ।
उन्होने कहा कि अपने कैरियर के विकल्प तलाशे, सोच-समझकर फैसले लें । कार्यशाला को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त सहकारिता डा पूजा व्दिवेदी ने कहा कि कैरियर परामर्श एक ऐसी प्रक्रिया है जो आपको कैरियर, शिक्षा और जीवन से जुड़े फैसले लेने के लिए खुद को और कार्यक्षेत्र को जानने और समझने में मदद करती है। हमें किस फील्ड में कैरियर बनाना है, उसके लिए आवश्यक है कि पहले लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य के आधार पर उस पर विशेष ध्यान दें, तभी हम सफलता को प्राप्त कर सकते है । उन्होने कहा कि कैरियर हर जगह है, मेहन करके उसे हासिल किया जा सकता है । पढ़े हुए अध्याय का नोट्स तैयार करें । पढ़ाई के लिए शेड्यूल बनाएं , तथा उसी के अनुसार अपनी पढ़ाई करें । आप जिस अध्याय को पढ़ रहे है, उसे एक ही दिन में पूरा करें, उसे अधूरा नही छोड़े । इसके साथ ही क्या पढ़ना है, क्या नही पढ़ना है, इस पर भी ध्यान दें । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा एस बी चौधरी ने कहा कि आप किस दिशा में जाना चाहते है, उसका चयन स्वयं करें । उन्होने कहा कि यदि एक बार में सफलता प्राप्त नही होती है, तो प्रयास करना नही छोड़े ।
असफलता से भी हमें कुछ सीखनें को मिलता है, जो हमें अगले प्रयास में काम आता है । अपने आस पास का वातारण साफ सुथरा रखें । मानसिक और भावनात्मक समस्यां महसूस होने पर टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 अथवा 1800-891-4416 पर 24 घंटे कॉल कर निशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकते है। जिला चिकित्सालय में उमंग स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर व्यक्तिगत परामर्श सेवाएं प्राप्त कर सकते है । कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला में बच्चों व्दारा सवाल किए गए , जिनका जवाब काउंसलरों व्दारा दिए गए । अतिथियों व्दारा अपने अपने अनुभव भी साझा किए गए । कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मां के तैल चित्र पर दीप प्रज्जवलन करके किया गया । इस अवसर पर प्राचार्य पालीटेक्निक कालेज अतुल वाजपेयी, जिला रोजगार अधिकारी अमन दुबे, सीएमओ चंदिया रोहित कुमार उपाध्याय , गरिमा त्रिपाठी , पवन कुमार कोरी, श्रीकांत पांडेय, अशोक कुमार गर्ग व्याख्याता, बुध्दारम रहंगडाले आरकेएसके समन्वयक, परामर्श दाता सहित बच्चे उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन अषोक गर्ग ने किया।
