वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत ग्राम पंचायत सिहोरा एवं भापेल में आयोजित हुआ विशेष जन सुरक्षा शिविर

(सागर) सागर जिले के राहतगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिहोरा एवं भापेल में भारत सरकार के वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विशेष जन सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल क्षेत्रीय निदेशक सुश्री रेखा चंदनावेली के साथ भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री संजय सेजकर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सागर के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुंदन कुमार, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री सी. पी. सिंह, मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक दमोह से क्षेत्रीय प्रबंधक श्री जितेंद्र तिवारी, अन्य बैंक प्रबंधक श्री चंदन कुमार (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया), श्री पुष्पेंद्र (मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक) एवं श्री अंकुर सराफ (पंजाब एंड सिंड बैंक) ,इसके अतिरिक्त, सिहोरा में बैंक ऑफ बड़ौदा, भापेल शाखा के प्रबंधक श्री मनीष जैन, सागर मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री आशीष घोटंकर, गुजराती बाजार शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री गौरव कुमार बंसल, प्रबंधक श्री हेमन्त पटेल, एवं अधिकारी श्री ओम प्रकाश पटेल ने भी विशेष रूप से इस कार्यक्रम में भाग लिया। ग्राम पंचायत सिहोरा के सरपंच श्री उदय सिंह लोधी एवं ग्राम पंचायत भापेल के उपसरपंच श्री राघवेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सुश्री रेखा चंदनावेली ने ग्राम वासियों को संबोधित करते हुए भारत सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत 10 वर्षों से सक्रिय खाता धारकों को Re-KYC कराने की महत्ता पर बल दिया ताकि उनके खाते सुरक्षित एवं प्रचलित बनाए रखे जा सकें। साथ ही, उन्होंने ग्रामीण नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।
भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल के सहायक महाप्रबंधक श्री संजय सेजकर ने Re-KYC कराने की प्रक्रिया को समझाया और बताया कि खातों की सुरक्षा एवं अद्यतन जानकारी वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए बेहद आवश्यक है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सागर के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुंदन कुमार ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का विस्तारपूर्वक परिचय दिया। उन्होंने कहा कि बचत, निवेश, ऋण, बीमा, बजटिंग और समय पर लोन वापसी की जानकारी ग्रामीण जन तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
एलडीएम सागर श्री चेतेंद्र सिंह ने बताया कि सागर जिले में लगभग Re-KYC प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है, जिससे यह जिला मध्य प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो चुका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि तीन माह के इस अभियान को पूरे जोश और सफलता के साथ जारी रखा जा रहा है, ताकि हर ग्रामीण तक वित्तीय समावेशन का लाभ पहुंच सके।
सिहोरा ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में RSETI सागर की डायरेक्टर श्रीमती गायत्री एवं प्रशिक्षणार्थी, समर्पित NGO का समस्त स्टाफ और बैंक के BC (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को Re-KYC प्रक्रिया के साथ-साथ बैंकिंग सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करने और वित्तीय जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। भापेल ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में विशेष रूप से बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा Re-KYC प्रक्रिया, वित्तीय योजनाओं की जानकारी, बचत निवेश के विकल्प और साइबर सुरक्षा उपायों पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिससे ग्रामीण जनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद मिली।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम वासियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है और उनके वित्तीय मामलों में जागरूकता आई है। उन्होंने Re-KYC कराने में रुचि व्यक्त की और कार्यक्रम का आयोजन करने वाले सभी अधिकारियों को धन्यवाद दिया। यह अभियान ग्रामीण जन को वित्तीय प्रणाली से जोड़ने एवं उनकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें