महिलाओं को दिया जा रहा कृषि उद्यमी का 13 दिवसीय प्रशिक्षण

(कटनी) विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम पंचायत अमगवां में राज्‍य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कटनी द्वारा स्व-सहायता समूह की 33 महिलाओं को आत्मनिर्भर स्वावलंबी एवं स्वरोजगार स्थापित करने के लिए कृषि उद्यमी का 13 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण संस्था के प्रबंधक पवन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में एवं प्रशिक्षण समन्वयक सुनील रजक के सहयोग से जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के अंतर्गत कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए कम लागत तकनीकी जीरो बजट फार्मिंग जैविक खेती के विषय में बताया गया। साथ ही विभिन्न जैविक खादों एवं कीटनाशकों की जानकारी सहित गोबर एवं गोमूत्र का जैविक खेती में उपयोग एवं महत्‍व की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में फसलों के लिए आवश्यक पोषक तत्व तथा उनका वर्गीकरण, देसी गाय के गोमूत्र मैं पाये जाने वाले 33 प्रकार के तत्वों, गोमूत्र से बीज उपचार, जैविक कीटनाशक, शीघ्र खाद बनाने तथा फसलों में उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्‍त काटने एवं कुतरने वाले रस सूचक एवं फल छेदक कीटों से होने वाले नुकसान तथा उनके जैविक नियंत्रण की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में सुशीला, गेंदा बाई, खुशबू, काजल एवं रितु लोधी सहित अन्य स्व-सहायता समूह की महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें