प्रधानमंत्री ने किया स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान का देशव्यापी शुभारंभ
टाउनहाल के स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुई राज्यमंत्री और सांसद
(सतना) राज्य शासन के निर्देशानुसार सतना जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाडे की शुरूआत सेवा की विभिन्न गतिविधियों के साथ की गई। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के धार जिले के कार्यक्रम से स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया। धार जिले में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टाउनहाल सेमरिया चौक और तहसील, विकासखण्ड मुख्यालयों पर भी देखा गया। सतना जिले का मुख्य स्थानीय कार्यक्रम टाउन हाल सतना में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री गणेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति में आयोजित हुआ।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के धार जिले में बनने वाले देश के सबसे बडे टेक्सटाइल्स पार्क पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का देशव्यापी शुभारंभ किया।
आदिवासी क्षेत्रों में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत आदि सेवा पर्व, सुमन सखी चैट बाट, एक बगिया मां के नाम अभियान का शुभारंभ भी हुआ। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 लाख लाभार्थियों को सिंगल क्लिक से खाते में राशि अंतरित की। सिकल सेल एनीमिया मिशन के अंतर्गत मध्यप्रदेश के एक करोड वे व्यक्ति को प्रधानमंत्री ने जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड का वितरण किया। विकास योजनाओं और अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश सहित पूरे देश को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान स्वास्थ्य परिदृश्य में बदलाव की पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि आधी आबादी से एक भी महिला जानकारी अथवा संसाधनों के अभाव में गंभीर रूप से बीमार नहीं होने पाये। प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति देश की प्रगति का आधार है। घर, परिवार में एक भी महिला सदस्य के बीमार होने पर पूरी व्यवस्था चरमरा जाती है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच और उपचार के लगाये जा रहे स्वास्थ्य शिविरों में जाकर अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराये। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान और राष्ट्रीय पोषण अभियान महिलाओं के लिए चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य योजनाओं की आसान पहुंच तथा बच्चों और महिलाओं के पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गरीबों का जीवन बदल दिया है। देश के 25 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल आये हैं। सतना जिले में महिला सशक्तीकरण की दिशा में स्व-सहायता समूह की 55 हजार दीदीयां लखपति बन चुकी है। घर के कामों में लगी बहनें अपने स्वास्थ्य और जांच के लिए समय नहीं निकाल पाती और गंभीर बीमारी से ग्रसित हो जाती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान शुरू किया है। सतना जिले में 47 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 198 उप स्वास्थ्य केद्र, 9 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित 370 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लग रहे हैं। इन शिविरों में जाकर स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराये और सुविधाओं का लाभ ले। कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर विधायक विक्रम सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एलके तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी उपस्थित थे। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर कार्यक्रम स्थल टाउन हाल परिसर में पोषण आहार प्रदर्शनी लगाई गई थी। पोषण प्रदर्शनी में राज्यमंत्री श्रीमती बागरी और सांसद गणेश सिंह ने प्रत्येक स्टाल पर जाकर मोटे अनाज कम शक्कर, कम तेल और कम नमक से बनाये गये व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
