विश्वकर्मा जयंती विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में श्रमिक सम्मान समारोह आयोजित

भारतीय मजदूर संघ ने किया कार्यक्रम का आयोजन

(ग्वालियर) राष्ट्रीय श्रमिक दिवस विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में बुधवार 17 सितम्बर को श्रमिक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित हुए समारोह में श्री तोमर ने भगवान विश्वकर्मा एवं राष्ट्र ऋषि के नाम से विख्यात श्री दत्तोपंत ठेंगड़ी के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर दत्तोपंत ठेंगड़ी जी ने भारतीय मजदूर संघ के रूप में पौधा रोपा था, वह अब वट वृक्ष का रूप लेकर श्रमिकों के कल्याण में जुटा है। इस आयोजन में संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के लगभग 500 श्रमिकों ने भाग लिया।विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ राष्ट्र भावनाओं को लेकर श्रमिकों के हितों के लिए काम करता है उन्होंने इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के पुराने लोगों को याद किया। साथ ही उपनगर ग्वालियर में चल रही श्रमिक फैक्ट्री के श्रमिकों के हितों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान के लिये उनकी ओर से भरसक प्रयत्न किए जायेंगे।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री एवं संभागीय प्रभारी भारतीय मजदूर संघ श्री राजन नायर, विभाग संघ चालक श्री प्रहलाद सबनानी, विभाग प्रमुख भारतीय मजदूर संघ एवं सदस्य दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड श्री सुरेंद्र सिंह भदोरिया एवं कुल सचिव राजमाता विजया राजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय श्री अजय कौशल उपस्थित थे।

विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर सहित सभी अतिथियों द्वारा भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं दत्तोपंत ठेगड़ी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। किसानों एवं मजदूर के औजारों की पूजा भी अतिथियों द्वारा की गई ।

प्रथम सत्र में श्रमिकों के लिए योग एवं उनके आहार बिहार पर जिला योग प्रभारी श्री दिनेश चाकणकर जी जिला योग सह प्रभारी क्रीड़ा भारती ने जानकारी दी। दत्तोपंत ठेगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक श्री पृथ्वीराज सिन्हा की टीम द्वारा श्रमिकों के ई -श्रम कार्ड बनाये जाने पर एवं श्रमिकों के हितों के लिए श्रम मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

श्री प्रहलाद सबनानी ने भारतीय मजदूर संघ द्वारा श्रमिकों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की । ग्वालियर संभाग प्रभारी मध्य प्रदेश भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री श्री राजा नायर ने भगवान विश्वकर्मा के जीवन कृतित्व पर गहन चर्चा की एवं उनका पौराणिक मान्यता के बारे में बताया। साथ ही कहा भारतीय मजदूर संघ भारत में ही नहीं विश्व में कई जगह आई एल ओ में भी अपना प्रतिनिधित्व करता है।

भारतीय मजदूर संघ के ग्वालियर दतिया विभाग प्रमुख एवं संयोजक श्री सुरेंद्र सिंह भदोरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा विस्तार से रखी। इस अवसर पर श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में काम कर रहीं विभूतियां एवं बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें