कलेक्टर मैहर रानी बाटड की अध्यक्षता में डीएलसीसी बैठक संपन्न

मैहर जिले के बैंकों का ऋण अनुपात संभाग में सबसे अधिक

(मैहर) कलेक्टर मैहर रानी बाटड की अध्यक्षता में गत दिवस बैंकों की जिला स्तरीय परामर्श एवं समीक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। अप्रैल से जून 2025 में समाप्त त्रैमास के दौरान मैहर जिले के बैंकों का ऋण जमा अनुपात संभाग में सबसे बेहतर 69.40 प्रतिशत पाया गया। वहीं बैंकों की सीएम हेल्पलाइन में संस्थागत वित्त विभाग को 97.50 प्रतिशत के स्कोर के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान में रहने पर सभी शाखा प्रबंधकों को बधाई दी गई।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मैहर में संपन्न हुई बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल से मैहर जिले के अग्रणी जिला अधिकारी नवनीत तिवारी, डीडीएम नाबार्ड जीडी गोपेश, अग्रणी जिला प्रबंधक गौतम शर्मा, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके वर्मा सहित सभी बैंकों के प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक गौतम शर्मा द्वारा बताया गया कि ऋण जमा अनुपात में संभाग में सबसे बेहतर स्थिति मैहर जिले की है। जिले का ऋण जमा अनुपात 69.40 प्रतिशत रहा जिसे कलेक्टर द्वारा अगली तिमाही तक 70 प्रतिशत करने का लक्ष्य दिया गया। वार्षिक ऋण योजना में सभी लक्ष्य पूर्ण रहे। मैहर जिले में वर्तमान समय में विभिन्न बैंकों की 67 शाखाएं है। कलेक्टर रानी बाटड ने सभी बैंकों को अधिक से अधिक शाखाएं खोलने के निर्देश दिए है।

अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा बताया गया कि अप्रैल से जून के बीच 6000 नए केसीसी एवं 2500 नए मुद्रा ऋण वितरित किए गए। स्व सहायता समूहों में वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 40 प्रतिशत प्रगति पाई गई। कलेक्टर द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि सितंबर माह तक बैंकों में लक्ष्य के अनुरुप प्रकरण पहुंचा दे ताकि अगली तिमाही तक सभी लक्ष्य पूर्ण किए जा सके।

पीएमएफएमर्ह योजना में 40 के लक्ष्य के सापेक्ष 6 एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 80 के सापेक्ष 32 प्रकरणों की प्रगति दर्ज की गई है। अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पुनः प्रारम्भ की जा रही है जिसमें प्रथम चरण में ऋण राशि 10000 से बढ़ाकर 15000 एवं द्वितीय चरण में ऋण राशि 20000 से बढ़ाकर 25000 कर दी गई है। इसी योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को क्यूआर कोड एवं क्रेडिट कार्ड भी दिए जायेंगे। सीएम हेल्पलाइन में मैहर जिले में संस्थागत वित्त विभाग इस माह 97.50 प्रतिशत के स्कोर के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। अंत में कलेक्टर द्वारा डीडीएम नाबार्ड को एफपीओ को पीएमएफएमर्ह योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

✍️ प्रवीण गौतम, पत्रकार मैहर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें