जनसुनवाई में अपर कलेक्टर ने 86 आवेदन पत्रों में की सुनवाई
(अनुपपुर) जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में संपन्न हुई। अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय ने 86 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के. के. सोनी एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगणों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।
जनसुनवाई में जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत चोरभठी की निवासी श्रीमती सविता राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने, ग्राम मुड़धोवा जनपद पंचायत अनूपपुर (बदरा) के श्री चिंतामणि महरा ने सम्बल कार्ड के तहत सहायता राशि दिलाए जाने, वेंकटनगर के श्री लक्ष्मीकांत सोनी ने भूमि के नक्शे में सुधार कराए जाने, ग्राम गढ़ी तहसील कोतमा के श्री बुद्धसेन साहू ने उपचार हेतु सहायता राशि दिलाए जाने तथा अन्य आवेदकों ने भूमि का सीमांकन कराने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने आदि के संबंध में आवेदन दिए।
