कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न
(खरगोन) कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में 25 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभाग्रह में जिला स्वास्थ्य समिति एवं पल्स पोलिया अभियान अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गई। की बैठक में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत यू-विन, अनमोल, डेंटल, रक्तकोष एवं स्मार्ट पोर्टल का मूल्यांकन किया गया। जिसमें रक्तदान शिविरों की कमी पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। टीकाकरण सेवाओं के इंद्राज के लिए बीपीएम को पोर्टल अपडेट करने तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। मेडलेपार पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के लिए सभी चिकित्सकों की आईडी सक्रिय कर 10 दिवस में कार्य पूर्ण करने को कहा गया। मातृ मृत्यु प्रकरणों की समीक्षा में अगस्त-सितम्बर 2025 में 08 घटनाओं का ऑडिट प्रस्तुत किया गया और एसओपी का पालन व गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर जांच व उच्च जोखिम की पहचान के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रसव केंद्रों की समीक्षा के दौरान कई संस्थाएं क्रियाशील न पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी, बिजली व उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अगले सप्ताह प्रसव केंद्रों पर बैठक आयोजित करने कहा गया। एनबीएसयू इकाइयां भीकनगांव, भगवानपुरा और महेश्वर में सक्रिय न होने पर बीएमओ को एक सप्ताह में प्रारंभ करने व आवश्यक दवाइयों एवं उपकरण उपलब्ध कराने के लिउ औषधि भंडार प्रभारी को निर्देश दिए गए।
बैठक में नवजात शिशु मृत्यु रोकथाम के लिए स्तनपान सेवाओं को सशक्त करने, संकल्प संस्था द्वारा मेंटरिंग कार्यक्रम पुनः संचालित करने और चित्रात्मक सामग्री प्रसव केंद्रों पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। पल्स पोलियो अभियान के लिए 12 से 14 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। साथ ही सिकल सेल कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की जांच और प्रसव हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम अधिकारी, समस्त बीएमओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व सहयोगी संस्थाएं संकल्प, अंतरा फाउंडेशन, नूरा हेल्थ तथा जपाईगो उपस्थित रहे। बैठक का समापन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहन सिंह सिसोदिया द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
