विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें आयोजन समितियां – कलेक्टर विधिवत टीसी कनेक्शन लेकर ही करें सजावट – पुलिस अधीक्षक

Advertisement

  पुलिस कंट्रोल रूम में दुर्गा उत्सव समतियों की बैठक संपन्न

(जबलपुर) दुर्गा उत्सव, दशहरा जुलूस और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा करने पुलिस कंट्रोल रूम में आज गुरुवार को आयोजित  बैठक में दुर्गा पंडालों की बिजली से सजावट में विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह सभी दुर्गा उत्सव समितियों से किया गया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की मौजूदगी में संपन्न हुई इस बैठक में बुधवार की रात बरगी हिल्स में दुर्गा पंडाल के बाहर करंट लगने से हुई दो मासूम बच्चों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया गया और इस हृदय विदारक घटना से सीख लेते हुये दुर्गा पंडालों और पंडालों के बाहर सड़क पर की गई विद्युत सजावट की सुरक्षा जांच करने का निर्णय लिया गया।           कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बैठक में मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को  विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ अपने-अपने क्षेत्र के दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर सभी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने दुर्गोत्सव समितियों से इस कार्य में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने आग्रह करते हुये बताया कि कल रात की घटना की जांच के आदेश जिला प्रशासन द्वारा दिये गये हैं और इसके लिये तीन सदस्यों की समिति गठित की गई। समिति को जल्द अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिये गये हैं। लेकिन, इसके पहले दुर्गोत्सव समितियां को भी अपनी ओर से पंडालों की सजावट में इस्तेमाल किये जा रहे विद्युत तारों की ओर गौर करना होगा तथा ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिये सतर्कता बरतनी होगी।

कलेक्टर ने बैठक में दुर्गोत्सव समितियों से पंडालों में अग्निशमन की व्यवस्था करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि विद्युत साज सज्जा में किस तरह के तारों का इलेक्ट्रिशियन द्वारा इस्तेमाल  किया जा रहा है इसे देखना उनकी भी जिम्मेदारी है। सड़कों पर लगाई जा रही झालरों पर भी उन्हें गौर करना होगा कि इसमें उपयोग किये जा रहे बिजली के तार कहीं भी खुले या कटे न हो और जोड़ों पर प्रॉपर टेपिंग की गई हो।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बैठक में मौजूद दुर्गोत्सव समितियों के पदाधिकारियों को बिजली की सजावट में सतर्कता बरतने की प्रति सचेत करते हुये कहा कि ऐसे समय जबकि बारिश भी हो रही है विद्युत सुरक्षा की ओर समितियों को ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। पुलिस अधीक्षक ने समितियों से विधिवत टीसी कनेक्शन लेकर ही पंडालों और इसके बाहर विद्युत की साज सज्जा करने कहा। उन्होंने कहा कि समितियों को यह देखना होगा कि बिजली के तार कहीं खुले न छुटे, पुराने और कटे-फटे तारों का उपयोग न किया जाये, ताकि दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने आने वाले लोगों में से किसी की भी जान को खतरा न हो।

पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय ने पंडालों की विद्युत सुरक्षा जाँच कराने का अपनी ओर से निर्णय लेने के लिये भी दुर्गोत्सव समितियों की सराहना बैठक में की। उन्होंने दुर्गोत्सव समितियों द्वारा विसर्जन जुलूस में डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने के सुझाव पर कहा कि प्रशासन इसके लिये सहमत है लेकिन  बेहतर यह होगा कि  समितियां भी इसके लिये अपनी ओर से पहल करें। श्री उपाध्याय ने यातायात में किसी तरह का व्यवधान हो इसका आग्रह भी दुर्गोत्सव समितियों से किया। उन्होंने बताया कि नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों के सहयोग से दशहरा चल समारोह के मार्ग पर आने वाली बाधाओं को दूर किया जा रहा है। मार्ग से होर्डिंग, सड़क को क्रॉस करते हुये लगाए गये बैनर भी हटाये जा रहे हैं तथा पेड़ों की छटाई भी कराई जा रही है। इसके बावजूद भी चल समारोह या दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन में कहीं कोई बाधा आती है तो समितियों के पदाधिकारी इसकी सूचना दे सकते हैं। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर भी सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम करने का भरोसा बैठक में दिया।

बैठक में दुर्गोत्सव समितियों के पदाधिकारियों की ओर से  संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित दुर्गा पंडालों की विशेष चौकसी और पुलिस की गश्त बढाने का आग्रह किया गया। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस के तुरंत बाद नगर निगम द्वारा की गई मार्ग की साफ-सफाई व्यवस्था को दशहरा चल समारोह में भी जारी रखने का सुझाव दिया। समितियों की ओर से हनुमानताल तालाब पर विसर्जन के दौरान होमगार्ड और एसडीआरएफ के अमले को एक ही स्थान की बजाय अलग-अलग स्थानों पर तैनात करने की मांग की गई। दशहरा की रात सराफा चौक पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था का सुझाव भी बैठक में दिया गया। दुर्गोत्सव समितियों ने पंडालों की विद्युत सुरक्षा के साथ-साथ दुर्गोत्सव एवं दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन और पुलिस को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी बैठक में दिया।

बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, जितेंद्र सिंह, सुश्री अंजना तिवारी एवं सुश्री पल्लवी शुक्ला, सभी एसडीएम एवं नगर पुलिस अधीक्षक तथा सुनरहाई दुर्गोत्सव समिति के अध्यक्ष मुकेश राठौर एवं नुनहाई दुर्गात्सव समिति के अध्यक्ष विनीत सोनी सहित सभी दुर्गोत्सव समितियों के पदाधिकारी मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें