मैं हूँ अभिमन्यू अभियान के तहत बच्चों को कराया मेडिटेशन
(हरदा) पुलिस प्रशासन हरदा द्वारा संचालित जागरुकता अभियान ‘‘मैं हूँ अभिमन्यू अभियान’’ के तहत गुरूवार को मेडिटेशन करवाया गया। रक्षित उपनिरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यम शाला में हार्टफूलनेस मेंटर प्रशिक्षक ताई रंजना परुलकर, ट्रेनर श्री राजेश, प्राचार्य श्री जे.पी. प्रजापति व ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान द्वारा किया गया। सुश्री रंजना परुलकर ने छात्रों को मेडिटेशन के माध्यम से मन में उत्पन्न होने वाले विकारों को दूर करने हेतु मानसिक क्रिया करवाई। उन्होंने बताया कि इससे शरीर की सफाई होती है तथा इसके बाद मेडिटेशन करना सहज होता है। ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने अभियान की रुपरेखा बताई। उन्होने बताया कि जिस प्रकार अन्याय के विरुद्ध में अभिमन्यु ने धर्मयुद्ध लड़ा था, ठीक उसी प्रकार व्यक्ति के जीवन में व्याप्त अनुचित क्रिया झूठ, भ्रष्टाचार, बेईमानी, नशे की लत, दहेज प्रथा, बाल विवाह आदि विकृति से भरा मानव आज विनाश की ओर अग्रसर है। इस जन जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से वर्तमान युवा पीढी को नई दिशा दे सकते है। कार्यक्रम में आभार श्री जेपी प्रजापति ने किया। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री प्रबल पवार ने किया। इस अवसर पर महिला आरक्षक सुश्री जय लहरे, श्रीमती हेमलता बघेल, सुश्री ज्योति पालीवाल, श्री राजेश कुशवाह, श्री गोविंद जामोद, श्री तरुण कैथवास, श्री राहुल कुल्हारे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी व शाला के छात्र उपस्थित रहे।
