लगातार हो रही बारिश के कारण फसलों में फंगस लगने की मानीटरिंग की जाए-आयुक्त

Advertisement

वन, कृषि तथा पशु चिकित्सा विभाग का मैदानी अमला आपस में सम्पर्क एवं समन्वय बनाकर रखे-वन संरक्षक

(शहडोल) संभाग में लगातार बारिस का दौर जारी है। जिसके कारण कोदौ सहित अन्य फसलों में फंगस लगने की आशंका बढ़ जाती है। संभाग के तीनों जिलों में हाथी सहित अन्य वन्य जीवों का विचरण बना रहता है। विचरण के दौरान फंगस युक्त फसलें खाने से प्वॉयजनिंग की आशंका रहती है। इससे बचने के लिए कृषि एवं वन विभाग के अधिकारी लगातार बोई गई फसलों की मानीटरिंग करते रहें। मानीटरिंग में वन्य जीवों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रकार की फसलों में बीमारी या फंगस की जानकारी मिले तो तत्काल एक दूसरे को अवगत कराएं तथा समय रहते ऐतिहाती उपाय सुनिश्चित करें। यह निर्देश आयुक्त शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता नें आयुक्त कार्यालय के अमरकंटक सभाकक्ष में विषाक्त फसलों के सेवन से वन्य जीवों एवं अन्य पशुओं को होने वाले नुकसान के लिए सतर्कता बरतने के लिए आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। प्रभारी वन संरक्षक शहडोल वन वृत्त एवं संचालक बांधवगढ़ नेशलन पार्क डॉ. अनुपम सहाय ने कहा कि वर्तमान में शहडोल जिले में ब्यौहारी क्षेत्र में शहरगढ़ ग्राम में बाबूलाल पाल के खेत में कोदौ की फसल में फंगस विकसित होने के लक्षण मिले हैं। इसी तरह उमरिया जिले में कोदौ की फसल में फंगस के लक्षण मिले हैं। आपने कहा कि कृषि विभाग संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर फसलों के सैंपल लेकर परीक्षण कराएं। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में फसलें पक जाएंगी। फंगस लगने से फसलें विषाक्त हो जाती हैं, जिनका सेवन वन्य जीव कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में वन्य जीवों का जीवन खतरे में पड़ जाता है। आपने कहा कि कृषि विभाग का मैदानी अमला वन विभाग के मैदानी अमले के संपर्क में रहकर लगातार मानीटरिंग करता रहे तथा सूचनाओं का आदान प्रदान भी करें। शंका होने की स्थिति में फसलों के सैंपल की जांच कराई जाए। आपने कहा कि अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पशु चिकित्सा विभाग का अमला भी सतर्क रहे। विभाग की टीम, चिकित्सक सूचना मिलते ही आवश्यक दवाओं के साथ प्रभावित वन्य जीवों की चिकित्सा की तैयारी रखे। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाईयों का भण्डारण वाहन की व्यवस्था सहित मानक एसओपी भी तैयार रखें। जिससे वन्य जीवों एवं पालतू पशुओं के विषाक्त फसलों के खाने से जीवनरक्षा की जा सके। बैठक में वनमण्डलाधिकारी सुश्री श्रद्धा पेन्द्रे ने किसानों द्वारा बोई गई कोदौ फसल एवं रकवे तथा शहरगढ़ ग्राम में कोदौ की फसल में लगे फंगस के सैंपल की जानकारी दी। बैठक में संयुक्त संचालक कृषि श्री जेएस पेन्द्राम, तीनों जिलों के उप संचालक कृषि, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी तथा कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें