कलेक्टर की अध्यक्षता में नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने दिये आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने नगर परिषद के पदाधिकारी व संबंधित अधिकारियों के साथ भेड़ाघाट में नर्मदा महोत्सव के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिये।
मॉं नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य पर होगी फोटोग्राफी प्रतियोगिता
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नर्मदा महोत्सव के दौरान मॉं नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य पर फोटोग्राफी की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। उन्होंने फोटोग्राफर्स से आग्रह किया कि वे नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य के 20 x 30 इंच के सिर्फ एक बेहतरीन फोटो नगर परिषद भेड़ाघाट कार्यालय में 3 अक्टूबर तक जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एआई तथा एडिटिंग किये हुए फोटो मान्य नहीं होंगे। फोटोग्राफी के चयन के लिए 3 सदस्यीय निर्णायक मंडल होंगे, जिनका निर्णय ही मान्य होगा। साथ ही कहा कि फोटोग्राफर अपने फोटो के नीचे अपना नाम व नंबर लिखें तथा महोत्सव के दौरान वे स्वयं उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी में प्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय को 7 हजार 100 तथा तृतीय को 5 हजार 100 रूपये का नगर पुरस्कार दिया जायेगा।
नर्मदा महोत्सव में गूंजेंगे लखवीर सिंह लक्खा, मैथिली ठाकुर और अभिलिप्सा पाण्डा के भजन
शरद पूर्णिमा पर 5 और 6 अक्टूबर को होने वाले नर्मदा महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा, मीताली ठाकुर और अभिलिप्सा पाण्डा के भजन गूंजेंगे। चांदनी रात में धुआंधार जलप्रपात के निकट आयोजित समारोह मध्य प्रदेश संस्कति और पर्यटन मंत्रालय, जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कति परिषद जेएटीसीसी के तत्वावधान में नगर निगम जबलपुर तथा भेडाघाट नगर परिषद के सहयोग से हो रहा है। जेएटीसीसी के नोडल अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि नर्मदा महोत्सव के 21वें वर्ष कार्यक्रम विशेष होगा जिसमें 5 अक्टूबर को पुरी की गायिका सुश्री अभिलिप्सा पाण्डा तथा मधुबनी की मैथिली ठाकुर भजन प्रस्तुत करेंगी। महोत्सव के दूसरे दिन 6 अक्टूबर को लखवीर सिंह लक्खा, पंजाब के भजनों से संगमरमर की वादियां गूंजेंगी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकरों का चयन होना बाकी है।
