सेवा पखवाड़े” के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला सीईओ द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में श्रमदान

(मुरैना) मध्यप्रदेश शासन द्वारा सेवा पखवाड़ा का आयोजन दिनांक 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक पूरे प्रदेश में किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से संबंधित विविध गतिविधियाँ सघन रूप से संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज मुरैना कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव द्वारा श्रमदान किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री सतेन्द्र धाकरे सहित कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना द्वारा स्वयं झाड़ू लगाकर किया गया। उन्होंने परिसर की सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रेरित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कलेक्ट्रेट परिसर को चारों दिशाओं से व्यवस्थित रूप से स्वच्छ किया जाए, जिससे सम्पूर्ण परिसर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित दिखाई दे। कलेक्टर श्री अस्थाना ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने समस्त शासकीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालय परिसरों में व्यक्तिगत स्तर पर स्वच्छता सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कलेक्ट्रेट भवन की पुताई कार्य नियमानुसार शीघ्र कराया जाए, जिससे परिसर की भौतिक सौंदर्यता में वृद्धि हो।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें