भेड़ाघाट में प्रस्तावित जियोलॉजिकल पार्क में आयोजित किया गया स्वच्छता अभियान

Advertisement

(जबलपुर) स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की मध्‍यप्रदेश राज्य इकाई द्वारा आज गुरूवार को भेड़ाघाट में भू-विरासत स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्‍य से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख वेणुधर बेहेरा ने बताया कि भेड़ाघाट एक प्रसिद्ध पर्यटक एवं भू-विरासत स्थल है, अतः स्वच्छता जागरूकता अभियान के लिए यह एक उपयुक्त स्थान है। निदेशक तकनीकी समन्वय सुहेल अहमद ने अपने संबोधन में बताया कि भेड़ाघाट में प्रस्तावित जियोलॉजिकल पार्क देश का पहला एवं अनूठा जियोलॉजिकल पार्क होगा। यहाँ प्रदेश एवं देशभर में मिलने वाले चट्टानों के नमूने प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके स्थापित होने से देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि होगी। इसलिए इस राष्ट्रीय महत्व के स्थल पर स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि, भेड़ाघाट नगर परिषद की अधिशासी अभियंता सुश्री निधि परोहा रहीं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित जियोलॉजिकल पार्क के बन जाने से युवाओं, शोधार्थियों एवं पर्यटकों को भूविज्ञान के अध्ययन एवं जानकारी का अधिक अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम में जीएसआई के सभी निदेशक, अधिकारी एवं कर्मचारी ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ व स्वैच्छिक श्रमदान के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें