विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट — कुटेश्वर पुल के सुधार कार्य हेतु निर्माण एजेंसी बदलने का किया आग्रह

Advertisement

(कैमोर) विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर महानदी पर बने कुटेश्वर पुल के शीघ्र सुधार कार्य की मांग की। विधायक ने मुख्यमंत्री को एक आग्रह पत्र सौंपते हुए कहा कि पुल के सुधार कार्य की जिम्मेदारी सेतु निर्माण निगम से लेकर बाणसागर परियोजना को सौंपी जाए, ताकि कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।

बरही–मैहर मार्ग पर बाणसागर के बैकवॉटर पर स्थित यह पुल क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो पिछले तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों के लिए बंद है। इससे आमजन और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पुल के सुधार हेतु 26 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है, किंतु तकनीकी जटिलताओं के कारण तीन बार टेंडर प्रक्रिया असफल रही है।

जानकारी के अनुसार, पुल के पियर क्रमांक 10 के डेक स्लैब में डिफ्लेक्शन होने से सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया था। फिलहाल छोटे वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति है।

विधायक श्री पाठक ने बताया कि पुल का मूल निर्माण बाणसागर परियोजना द्वारा किया गया था, इसलिए उसी एजेंसी के माध्यम से मरम्मत कराई जाना अधिक उपयुक्त रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया। कुटेश्वर पुल का पुनर्निर्माण क्षेत्र के कृषि, व्यापार और जनजीवन को बड़ी राहत देगा।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें