विश्व दिव्यांग दिवस पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में दिव्यांग सामर्थ्य प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित

(कटनी)  कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन पर विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डी.डी.आर.सी.) कटनी में दिव्यांगजनों का सामर्थ्य प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक श्री अनुरोग मोदी मौजूद रहें।

          कार्यक्रम में दिव्यांग कल्याण एसोसिएशन के प्रांतीय संयोजक श्री मार्दण्ड सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साइट सेवर संस्था से श्री मनोज कहार एवं श्री संदीप ने संचालन का दायित्व निभाया। इसी क्रम में दिशा दिव्यांग संगठन के जिला अध्यक्ष श्री बृजकिशोर पाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

          कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री मार्दण्ड सिंह राजपूत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी भी व्यक्ति के सपनों को रोक नहीं सकती। मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने दिव्यांग अधिनियम 2016 की विस्तृत जानकारी देते हुए दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली योजनाओं से अवगत कराया।

          इसी प्रकार उपसंचालक श्री अनुराग मोदी ने कहा कि दिव्यांग शब्द केवल शारीरिक कमी का नहीं, बल्कि विशेष क्षमता का प्रतीक है। जब ईश्वर एक क्षमता घटाता है, तब वह व्यक्ति को किसी अन्य क्षमता में और अधिक समर्थ बनाता है। उन्होंने दिव्यांगजनों से अपनी प्रतिभाओं को पहचानने एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही शासन की पुनर्वास एवं सहायता संबंधी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।

          कार्यक्रम के तहत दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें कैरम प्रतियोगिता में संजय प्रथम, शिवनारायण चौधरी द्वितीय तथा संजय तृतीय स्थान पर रहे। शतरंज प्रतियोगिता में राजेन्द्र कोरी प्रथम एवं चन्द्रशेखर द्वितीय रहे। गीत गायन प्रतियोगिता में संदीप रजक प्रथम एवं राजेन्द्र कोरी द्वितीय रहे। जलेबी दौड़ प्रतियोगिता में लक्ष्मी चौधरी प्रथम तथा वैदिक श्रीवास्तव द्वितीय स्थान पर रहे। इसके अलावा बैडमिंटन प्रतियोगिता में मुकेश ने प्रथम एवं बलराम कोरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

          कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं डिजिटल प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित दिव्यांगजनों को उपहार भेंट स्वरूप प्रदान किए गए।

          कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से प्रीति श्रीवास्तव, दिव्यांशु कुररिया, नम्रता चौबे, प्रियंका रावत एवं भरत, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र कटनी (डी.डी.आर.सी.) से मयंक मिश्रा, शरद सोनी, उमेश पटेल एवं श्याम सुन्दर मोरे उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें