मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत मिली दो लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि पीड़ित रजनी के लिए बनी मददगार

(कटनी) – घर में जब कमाऊ सदस्य की आकस्मिक मौत हो जाती है, तब परिवार के लिए जीविकोपार्जन की समस्या होने लगती है। इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार ने परिवार को सहारा देने के लिए मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना संबल योजना शुरू की है। जिसमें श्रमिकों की मृत्यु या दुर्घटना पर परिवार जनों को अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना पीड़ितों परिवारों के लिए संकट की घड़ी में मददगार साबित हो रही है।

ऐसी ही एक दास्तां है कटनी नगर निगम सीमा अंतर्गत जालपा देवी वार्ड निवासी 48 वर्षीय श्रीमती रजनी नामदेव की। रजनी नामदेव नें बताया कि उनके पति सुनील कुमार नामदेव की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। जिससे उनके परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा तथा स्वयं एवं बच्चों के जीविकोपार्जन की समस्या होने लगी। श्रीमती रजनी नें बताया कि उनके पति सिलाई का कार्य करते थे तथा मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना में उनका पंजीयन था। संबल योजना में पति का पंजीयन होने के कारण उनकी मृत्यु होने पर शासन द्वारा रजनी को 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि उनके बैंक खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की गई है।

रजनी बताती हैं यह राशि संकट की घड़ी में हमारे लिए मददगार साबित हो रही है। सही समय पर राशि मिलने से मुझे अपने बच्चों की शिक्षा दीक्षा के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड रहा है।

श्रीमती रजनी नामदेव नें शासन की इस महती योजना के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा है कि संबल योजना नें उन्हे न केवल आर्थिक सहायता दी, बल्कि एक टूटे हुए परिवार को फिर से खड़ा करनें की प्रेरणा भी दी है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *