प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अनुशंसा से नव नियुक्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशज को संगठन में अहम जिम्मेदारी

(विजयराघवगढ़) भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की चयन समिति के द्वारा प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव , सचिव एवं सदस्य जैसे पद पर नियुक्त कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उनके वंशजों का चयन किया गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अनुशंसा एवं संगठन प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान के हस्ताक्षर से जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पुत्र सुरेंद्र दुबे की संगठन में नव नियुक्ति की गई है।

मध्य प्रदेश में पहली बार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों को इस प्रकार संगठन में स्थान मिलने से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन के बीच बधाइयों और शुभकामनाओं का सिलसिला जोर-शोर से जारी है।

गौरतलब है कि सन् 1942 के “भारत छोड़ो आंदोलन” में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ देशव्यापी संघर्ष हुआ था, जिसमें विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री शंकर लाल दुबे ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। वे महात्मा गांधी के साथ जेल गए और स्वतंत्रता के लिए अनेक यातनाएं सहन कीं। उनके पुत्र श्री सुरेंद्र दुबे आज अपने पिता और अमर शहीदों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश सेवा के मार्ग पर अग्रसर हैं।

सुरेंद्र दुबे को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी संगठन एवं आम नागरिकों में हर्ष का माहौल है। जगह-जगह बधाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

सुरेंद्र दुबे किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वे लंबे समय से सक्रिय पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और अपनी सरल, मिलनसार वाणी, धर्मनिरपेक्ष सोच एवं संगठन के प्रति निष्ठा के लिए जाने जाते हैं। कई विधानसभा चुनावों में संगठन को मजबूती प्रदान करने एवं विजय दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

नव नियुक्ति पर विजयराघवगढ़ क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की है कि श्री दुबे को मिली यह जिम्मेदारी जन समस्याओं के समाधान एवं संगठन को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, अजय सिंह ‘राहुल भैया’, पूर्व मुख्यमंत्री माननीय दिग्विजय सिंह , विपक्ष के नेता माननीय उमंग सिंघार , संगठन प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *