“दो साल बेमिसाल” नारे पर कांग्रेस का हमला, नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति ने मैहर की बदहाली को बताया सच्चाई

Advertisement

(मैहर) नवनियुक्त कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति ने प्रदेश की भाजपा सरकार के ‘दो साल बेमिसाल’ नारे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार यह बताए कि आखिर बेमिसाल किस मायने में है, क्योंकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है।

रमेश प्रजापति ने कहा कि यदि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं मैहर जिले का दौरा करें, तो उन्हें पता चलेगा कि यहां की स्थिति कितनी भयावह हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मैहर नगर में धूल, गड्ढों और टूटी सड़कों का साम्राज्य है। आम नागरिकों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

नगरपालिका परिषद पर गंभीर आरोप

कांग्रेस नेता ने मैहर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर की हालत पूरी तरह से बिगाड़ दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे हर मार्ग पर गड्ढे और उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुकी है।

बीमारियों में हो रहा इज़ाफा

रमेश प्रजापति ने कहा कि लगातार उड़ती धूल के कारण दमा, एलर्जी और सांस संबंधी बीमारियों में लगातार इज़ाफा हो रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।

विकास पर उठाए सवाल

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मैहर के विकास में ऐसा क्या हुआ है जिसके आधार पर सरकार ‘दो साल बेमिसाल’ का नारा दे रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे तौर पर जवाब मांगते हुए कहा कि यदि यही बेमिसाल विकास है, तो जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

जनआंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मैहर नगर की सड़कों की मरम्मत, धूल नियंत्रण और साफ-सफाई की ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें