भाजपा का भविष्य युवा, ऊर्जावान और वैचारिक नेतृत्व के हाथों में पूरी तरह सुरक्षित- डॉ. मोहन यादव

Advertisement

संगठन पर्व में श्री नितिन नबीन जी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होना कार्यकर्ता-आधारित नेतृत्व की सशक्त मिसाल है- हेमंत खण्डेलवाल

(भोपाल) भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी के पदभार ग्रहण करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान श्री नितिन नबीन जी को सौंपा जाना यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी अपने भविष्य को युवा, ऊर्जावान, दूरदर्शी और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध नेतृत्व के हाथों में सुरक्षित देख रही है। यह निर्णय भाजपा के मजबूत संगठन, अनुशासन और विचारनिष्ठ राजनीति का प्रतीक है। श्री नितिन नबीन जी के नेतृत्व में भाजपा विचार, संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा। उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को नई गति मिलेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी के संगठन कौशल से पार्टी सफलता के नए शिखर तक पहुंचेगी। पार्टी के लिए संगठन पर्व केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हमारी आत्मा है। संगठन पर्व के माध्यम से श्री नितिन नबीन जी का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होना कार्यकर्ता आधारित नेतृत्व की सशक्त मिसाल है।

बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मिलेगी मजबूती – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 45 वर्ष की युवा आयु में संगठन की सर्वोच्च जिम्मेदारी मिलना भारतीय जनता पार्टी की दूरदर्शी सोच, संगठनात्मक परिपक्वता और युवा नेतृत्व पर उसके अटूट विश्वास का प्रमाण है। यह निर्णय केवल एक राजनीतिक पदस्थापना नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के लिए भरोसे का प्रतीक है। भाजपा में नेतृत्व का मार्ग निष्ठा, परिश्रम, त्याग और वैचारिक प्रतिबद्धता से होकर गुजरता है। संगठन पर्व के माध्यम से भाजपा यह स्पष्ट करती है कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि कार्यकर्ता-आधारित वैचारिक आंदोलन है, जहां हर कार्यकर्ता की भूमिका सम्मानित है और उसकी क्षमता के अनुरूप उसे आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी का बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक का संगठनात्मक अनुभव इस विचारधारा को व्यवहार में साकार करता है। उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा, बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक समन्वय और अनुशासन को नई मजबूती मिलेगी तथा संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा और अनुभव का संतुलन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। श्री नितिन नबीन जी का नेतृत्व इस संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके मार्गदर्शन में पार्टी राष्ट्र निर्माण, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्रवाद के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ेगी तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

श्री नितिन नबीन जी भाजपा के उज्ज्वल, सशक्त और विजयी भविष्य के प्रतीक – श्री हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठन पर्व केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठन की आत्मा है। संगठन पर्व के माध्यम से श्री नितिन नबीन जी का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होना यह सिद्ध करता है कि भाजपा में दायित्व, वंशवाद, सिफारिश या संयोग से नहीं, बल्कि संगठन, समर्पण और सिद्ध क्षमता से तय होता है। श्री नितिन नबीन जी का बूथ कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर संगठन पर्व की मूल भावना को जीवंत करता है। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में संगठन की बूथ, मंडल और जिला संरचना और अधिक सशक्त होगी, जो भाजपा की असली ताकत है। संगठन पर्व का मूल उद्देश्य बूथ सशक्तिकरण है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी का संगठनात्मक अनुभव इस दिशा में निर्णायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि श्री नितिन नबीन जी के नेतृत्व में भाजपा अंत्योदय, सुशासन, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक मूल्यों और संविधान की भावना के साथ विपक्ष की तुष्टिकरण एवं विभाजनकारी राजनीति का निर्णायक उत्तर देगी। उनके मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ ही अंत्योदय व सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को अधिक मजबूती से साकार करेगी। यह नेतृत्व न केवल संगठन को सुदृढ़ करेगा, बल्कि देशवासियों के विश्वास को और अधिक प्रगाढ़ बनाते हुए भाजपा को स्थिर नेतृत्व, मजबूत संगठन और विजयी भविष्य की ओर संगठित रूप से आगे बढ़ाएगा।

प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेश भर में आतिशबाजी एवं मिष्ठान वितरण कर मनाया उत्सव

भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी के पदभार ग्रहण के शुभ अवसर पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्साह और उल्लास के साथ आतिशबाजी एवं मिष्ठान वितरण कर उत्सव मनाया गया। इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, श्री एंदल सिंह कंसाना, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ, श्री सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवानसिंह परमार, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, प्रदेश प्रवक्ता श्री राजपाल सिंह सिसोदिया, श्री अजय सिंह यादव सहित जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसी तरह प्रदेश के जिला कार्यालयों पर आतिशबाजी एवं मिष्ठान वितरण कर उत्सव मनाया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें