आईटी/आईटीईएस विद्यार्थियों ने किया शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था विजयराघवगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण

(विजयराघवगढ़) पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल खिरवा नं. 2 के आईटी/आईटीईएस संकाय के छात्र–छात्राओं द्वारा तृतीय इंडस्ट्रियल विजिट के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) विजयराघवगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को आईटीआई में संचालित विभिन्न ट्रेडों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

विद्यार्थियों ने बड़ी रुचि के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों, तकनीकी पाठ्यक्रमों एवं रोजगारोन्मुखी गतिविधियों के बारे में समझा। भ्रमण के दौरान सभी संचालित ट्रेडों की प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराया गया, जहाँ बच्चों ने मशीनों, उपकरणों और प्रायोगिक प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली को नज़दीक से देखा।

शिक्षकों ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के महत्व और भविष्य में उपलब्ध अवसरों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।

प्रभारी प्राचार्य श्री दुखभंजन पटेल ने बताया कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है तथा उन्हें करियर चयन में सही दिशा मिलती है।

उन्होंने आईटीआई प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भ्रमण बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों ने अनुशासनपूर्वक पूरे भ्रमण कार्यक्रम में सहभागिता की।

विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की बात कही, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें