भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने पद्मश्री से सम्मानित श्री भगवानदास रैकवार को दी आत्मीय बधाई
(सागर) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने मंगलवार को सागर प्रवास के दौरान मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार हेतु चयनित श्री भगवानदास रैकवार से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने श्री रैकवार को देश के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने पर आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि श्री भगवानदास रैकवार ने अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से न केवल सागर जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। मार्शल आर्ट्स जैसे कठिन और अनुशासित क्षेत्र में उनका योगदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व नई पीढ़ी को खेल एवं शारीरिक दक्षता के साथ संस्कार और आत्मविश्वास का मार्ग दिखाते हैं।

सम्मान भेंट के दौरान प्रदेश शासन के मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने भी श्री रैकवार की उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पद्मश्री जैसा सम्मान वर्षों की साधना और तपस्या का प्रतिफल है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे ने कहा कि खेल और मार्शल आर्ट्स के माध्यम से समाज में अनुशासन व राष्ट्रभक्ति की भावना सुदृढ़ होती है, जिसमें श्री रैकवार की भूमिका सराहनीय रही है।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव तथा विधायक शैलेन्द्र जैन ने भी श्री भगवानदास रैकवार के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि सागर के युवाओं को नई दिशा देगी। जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने इसे संपूर्ण जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने श्री भगवानदास रैकवार का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। सभी ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी देश और समाज के लिए इसी प्रकार प्रेरक कार्य करते रहेंगे।

