कैमोर थाना अंतर्गत कार दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल युवकों को जिला अस्पताल रेफर करने के लिए उपलब्ध नहीं हुई एम्बुलेंस

कैमोर में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था उजागर: एंबुलेंस न मिलने से निजी वाहन में तड़पते हुए जिला अस्पताल भेजे गए घायल

(कैमोर) कैमोर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार रवि बर्मन, निवासी लाल नगर और देव नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में रवि बर्मन को सीने में गंभीर चोट आई, जिससे उन्हें सांस लेने में भारी परेशानी होने लगी और वे अचेत अवस्था में चले गए। वहीं देव नारायण को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कैमोर लाया गया, लेकिन यहां संसाधनों की भारी कमी सामने आई। परिजनों द्वारा एंबुलेंस की मांग किए जाने पर एंबुलेंस कर्मियों ने करीब 1.5 घंटे लगने की बात कही। गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन इंतजार नहीं कर सके और मजबूरी में दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल कटनी रैफर किया गया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि जब इतनी गंभीर दुर्घटना के बाद भी समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचित्य ही सवालों के घेरे में है।

स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मांग की है कि कैमोर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस, स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें