पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में भावपूर्ण श्रद्धांजलि
(भोपाल) भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पूरा परिसर “दीनदयाल अमर रहें” के नारों से गूंज उठा और कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने पंडित उपाध्याय के विचारों को संगठन की मूल प्रेरणा बताते हुए कहा कि अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित उनका दर्शन आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहा है।

श्री अजय जामवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल जी ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का जो सपना देखा था, वही भाजपा की नीतियों का आधार है। उनका जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। हमें उनके विचारों को आत्मसात कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
