टीएल बैठक में दिए निर्देश, सभी शासकीय विभाग परिजनों तक पहुंचाएं एचपीवी वैक्सीन की जानकारी

(भोपाल) महिलाओं को गर्भाशय के निचले हिस्से के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर ) से सुरक्षा के लिए लगाई जा रही एचपीवी वैक्सीन जागरूकता और जानकारी का प्रसार करने के लिए टीएल बैठक में सभी शासकीय विभागों को निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रितेश रावत द्वारा एचपीवी वैक्सीन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि भोपाल के 18 सरकारी अस्पतालों में यह वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है। 14 से 15 साल की उम्र की बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है। इस दौरान यूविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की जानकारी भी दी गई।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इला तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी शासकीय और निजी स्कूलों में पढ़ने वाली 14 से 15 साल की उम्र के बालिकाओं की लाइन लिस्टिंग तैयार कर इनके परिजनों को टीकाकरण करवाने के लिए प्रेरित करें। स्कूलों में बैठक आयोजित कर टीके से होने वाले फायदे की जानकारी बताई जाए। महिला बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से टीकाकरण करवाने के निर्देश दिए गए। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा ट्राइबल हॉस्टल की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी टीके की जानकारी देकर टीके लगवाने हेतु लिए प्रेरित करने के लिए कहा गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ.मनीष शर्मा ने बताया कि भोपाल में 14 से 15 साल की उम्र की लगभग 27 हजार बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी शासकीय विभाग समन्वित रूप से टीके के फायदे के बारे में जागरूक करेंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें