उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया सिविल अस्पताल मैहर का निरीक्षण

(मैहर) प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को मैहर जिले के प्रवास के दौरान सिविल अस्पताल मैहर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मैहर जिला मुख्यालय पर बनने वाले 300 बिस्तरीय अस्पताल के निर्माण के स्थल के लिए पुराने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर संभावनायें तलाशी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन की लिफ्ट को शीघ्र चालू करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, वार्डों की साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही उपचार सेवाओं का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार संबंधी सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपातकालीन कक्ष, प्रसूति वार्ड एवं दवा भंडार कक्ष का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर मैहर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अस्पताल प्रभारी डॉ. आरएन पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें