19 मार्च को बस स्टैण्ड ऑडिटोरियम में होगा विक्रमोत्सव का भव्य आयोजन
(कटनी) भारतीय नव वर्ष सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा विक्रम संवत के आरंभ और गुड़ी पड़वा के अवसर पर गुरूवार 19 मार्च को प्रात: 10 बजे बस स्टैण्ड स्थित ऑडिटोरियम में भव्य ‘विक्रमोत्सव’ मनाया जाएगा। इसके व्यवस्थित आयोजन हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने इसके लिए एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी को समन्वय अधिकारी नियुक्त किया है। कलेक्टर ने विक्रमोत्सव के आयोजन के लिए उपायुक्त नगर निगम शैलेष गुप्ता को नोडल अधिकारी तथा सहायक नोडल अधिकारी के तौर पर शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील बाजपेई और जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि को नियुक्त किया है।
गुरूवार 19 मार्च को सुबह 10 बजे कोटि सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन होगा। साथ ही प्रमुख मंदिरों और शासकीय भवनों पर ब्रम्हध्वज स्थापित किया जाएगा और बस स्टैण्ड ऑडिटोरियम में नाट्य प्रस्तुति सम्राट विक्रमादित्य का भव्य मंचन भी होगा। एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी ने नागरिकों से नाट्य प्रस्तुति सम्राट विक्रमादित्य को देखने बस स्टैण्ड ऑडिटोरियम में पहुंचने का लोगों से आग्रह किया है। सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस आयोजन में जीवंत सहभागी बनने कहा गया है।
