पुलिस सैलरी पैकेज योजना बनी सहारा: दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को मिली ₹1-1 करोड़ की सहायता
भोपाल | RPKP India News मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाएं कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवारों के लिए मजबूत सहारा साबित हो रही हैं। इसी क्रम में बड़वानी और मुरैना जिलों में दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को भारतीय स्टेट बैंक की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत एक-एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई है।
बड़वानी जिले में पदस्थ स्वर्गीय आरक्षक जयेश वर्मा का एक दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था। उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की अंजड़ शाखा में पुलिस सैलरी पैकेज योजना से जुड़ा हुआ था। इस कारण उनके नामांकित परिजन को दुर्घटनावश मृत्यु बीमा के रूप में एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने परिजनों को चेक सौंपकर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसी तरह सागर जिले में हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना के बाद मुरैना में स्वर्गीय आरक्षक प्रद्युम्न दीक्षित और स्वर्गीय आरक्षक अनिल कौरव के परिजनों को भी इसी योजना के अंतर्गत एक-एक करोड़ रुपये की बीमा राशि दी गई। मुरैना के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने परिजनों को सहायता राशि के चेक सौंपे।
पुलिस सैलरी पैकेज से मिलती हैं कई सुविधाएं
मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण वित्तीय सुविधाएं दी जा रही हैं। इस योजना में आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, होम लोन पर विशेष ब्याज दर, मुफ्त डेबिट कार्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही यह योजना पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का भी एक मजबूत माध्यम बन रही है।
इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुरक्षा का भरोसा देना है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन निश्चिंत होकर कर सकें।
