इंदौर अग्नि हादसे पर मुख्यमंत्री सख्त: हर पहलू की होगी एक्सपर्ट से जांच, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
इंदौर | RPKP India News मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में हुए भीषण अग्नि हादसे के बाद मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री गुरुवार को जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभागृह पहुंचे, जहां उन्होंने बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में हुई आग की घटना में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि दी और बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी विस्तार से ली और कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
हादसे की होगी गहन जांच
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा कि इस दुर्घटना की एक्सपर्ट्स द्वारा हर पहलू से गहन और व्यवस्थित जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी और जिम्मेदारियों का निर्धारण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार को मौके पर भेजा गया था, ताकि स्थिति का आकलन कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकरलाल लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

