VIP एंट्री बैन के बावजूद गर्भगृह पहुंचीं प्रभारी मंत्री राधा सिंह, मैहर शारदा धाम में मचा बवाल

(मैहर) विश्व प्रसिद्ध मां शारदा धाम मैहर में नवरात्रि मेले के दौरान वीआईपी प्रवेश पर प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद प्रभारी मंत्री राधा सिंह के गर्भगृह पहुंचकर विशेष पूजा करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में विवाद और श्रद्धालुओं में नाराजगी का माहौल बन गया।

नवरात्रि मेले में भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने पहले ही आदेश जारी कर गर्भगृह में वीआईपी प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था, ताकि आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें। लेकिन मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे प्रभारी मंत्री राधा सिंह अपने समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मंदिर पहुंचीं और सीधे गर्भगृह में प्रवेश कर विशेष पूजा-अर्चना की।

बताया जा रहा है कि मंत्री के गर्भगृह में जाने के दौरान आम श्रद्धालुओं की कतार कुछ समय के लिए रोक दी गई, जिससे धूप में खड़े हजारों श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान मंदिर परिसर में अव्यवस्था की स्थिति भी बनी रही।

इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और मंत्री पर सवाल उठाए हैं। नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने कहा कि जब प्रशासन ने खुद वीआईपी दर्शन पर रोक लगाई थी, तो मंत्री को गर्भगृह में प्रवेश कैसे दिया गया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में चर्चा और नाराजगी का माहौल बना रहा। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें