प्रकोष्ठ विभाग की संयुक्त बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर मंथन — जीतू पटवारी
(भोपाल) मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रकोष्ठ विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित कर आगामी कार्ययोजना के संदर्भ में विस्तार से संवाद किया।
बैठक में सज्जन सिंह वर्मा, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पाँसे, संगठन महासचिव डॉ संजय कामले, सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान, प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी प्रकोष्ठों की आगामी रणनीति, कांग्रेस संगठन के विस्तार तथा जमीनी स्तर पर कार्य को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
श्री पटवारी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक प्रकोष्ठ को सक्रिय होकर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाना होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में विभिन्न प्रकोष्ठ अपने-अपने स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे और प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी।
इस अवसर पर संगठन महासचिव डॉ संजय कामले ने संगठन के अब तक के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी समय में कार्यों की रूपरेखा एवं दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

